Friday, February 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशवर्दी पहन ड्यूटी के दौरान जाम लगाने वाला दारोगा हुआ निलंबित

वर्दी पहन ड्यूटी के दौरान जाम लगाने वाला दारोगा हुआ निलंबित


– खाकी के नशे में चूर दारोगा का वीडियो सोशल मीडिया में हुआ वायरल

कानपुर। जनपद में संजीत अपहरण व हत्याकांड को लेकर पुलिस की जनता के बीच बराबर किरकिरी हो रही है। इसी के चलते शहर आये नवनियुक्त पुलिस अधिकारी महकमे की छवि सुधारने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं। इसके बावजूद पुलिस का एक और मामला सामने आया। , वायरल हो रहे वीडियो में एक दारोगा ड्यूटी के दौरान बावर्दी शराब का जाम लगा रहा है और वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर आलाधिकारियों ने उसे निलंबित कर दिया। 
बीते दिनों तीन दारोगाओं का निलंबन होने के बाद शनिवार को जाजपुर चौकी प्रभारी पर कार्रवाई की तलवार गिरी। इस बार अपराधी से गठजोड़ नहीं बल्कि वायरल वीडियो ने दारोगा की असल तस्वीर सामने ला दी और एसएसपी ने उसे निलंबित कर दिया है। शनिवार को घाटमपुर कोतवाली के जाजपुर चौकी इंचार्ज का ड्यूटी के दौरान बावर्दी शराब पीने का वीडियो वायरल हो गया। वीडियो में घाटमपुर कोतवाली के जाजपुर चौकी प्रभारी जेपी सिंह परिहार सिपाहियों के साथ ड्यूटी के दौरान बावर्दी शराब पी रहे हैं। 43 सेकंड के वीडियो में तीन.चार पुलिस कर्मी भी आसपास बैठे दिखाई पड़ रहे हैं। हालांकि इनमें कोई शराब पीते नहीं दिख रहा है। स्थानीय लोगों की मानें तो चौकी इंचार्ज कभी-कभी शराब के नशे में दबिश देने पहुंच जाते थे और उनके ड्यूटी के दौरान शराब पीने की शिकायतें भी उच्चाधिकारियों तक पहुंच रही थीं। अब सोशल मीडिया में चौकी प्रभारी का शराब पीते वीडियो वायरल होने के बाद मामला एसएसपी के संज्ञान में आया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा.प्रीतिंदर सिंह ने शनिवार को बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में वीडियो की पुष्टि होने के बाद चौकी इंचार्ज जेपी सिंह परिहार को निलंबित कर दिया गया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular