वाराणसी (हि.स.)। कैंट थाना क्षेत्र के कचहरी वरूणा पुल से एक संविदा सफाईकर्मी ने बुधवार को वरूणा नदी में कूदकर अपनी जान दे दी। सूचना पर पुलिस के साथ परिजन भी पहुंच गये। पुलिस ने सफाई कर्मी के शव को नदी से निकाल पंचनामा आदि के कार्यवाही के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शिवपुर नार्मल स्कूल के पास रहने वाले रामू (43) नगर निगम में संविदा पर सफाई कर्मी का कार्य करता था। पिछले कुछ दिनों से आर्थिक रूप से परेशान रामू पूर्वांह में वरूणा पुल पहुंचा, कुछ देर टहलने के बाद वरूणा नदी में छलांग लगा दी। यह देख आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने रामू को नदी से बाहर निकलवाने के बाद अस्पताल भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पर मृतक की पत्नी मंजू अपने दोनों पुत्रों दीपक और सूरज के साथ रोते-बिलखते वहां पहुंच गई।
बीएचयू का छात्र नाव से फिसल कर गंगा में गिरा, गोताखोर तलाश रहे
बीएचयू के पर्सनल मैनेजमेंट व इंडस्ट्रीयल रिलेशन विषय के अन्तिम वर्ष का छात्र प्रणव भारद्वाज हैदराबाद गेट के पास किराए पर कमरा लेकर रहता था। मंगलवार की देर रात लगभग तीन बजे वह अपने साथी सत्यप्रकाश को लेकर अस्सी घाट पर पहुंचा। गंगा में सुबह की पहली किरण की अगवानी के लिए वह नाव पर चढ़ रहा था। इसी दौरान पैर फिसल गया और वह गंगा में गिर गया। दोस्त ने अपने स्तर से उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन सफलता न मिलने पर पुलिस को सूचना दी। सुबह क्षेत्रीय पुलिस एनडीआरएफ व गोताखोरों को लेकर छात्र की तलाश में जुट गईं । हादसे की जानकारी छात्र के परिजनों को भी दे दी गई।
