वाराणसी (हि.स.)। स्वच्छ वरुणा ,हरित वरुणा सृजन अभियान में मंगलवार को वरुणा नदी के कचहरी शास्त्री घाट पर वाराणसी परिक्षेत्र के कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने सामाजिक कार्यकर्ताओं,छात्रों,सीआरपीएफ के जवानों,अफसरों के साथ योग कर स्वच्छता व पर्यावरण सरंक्षण का संदेश दिया। सृजन सामाजिक विकास न्यास के चेयरमैन अनिल सिंह, 95 बटालियन सीआरपीएफ के कमांडेंट अनिल वृक्ष,137 बटालियन गंगा टास्क फोर्स के लेफ्टिनेंट कर्नल हेमंत गंभीर, पर्यावरण के क्षेत्रीय निदेशक कालिका सिंह तथा मत्स्य विभाग के डिप्टी डायरेक्टर रहमानी की मौजूदगी में कमिश्नर ने छात्रों को पर्यावरण सरंक्षण के लिए शपथ भी दिलाई।
निजी विद्यालय समूह की योग टीचर पुष्पांजलि तथा साधक आशुतोष पांडेय के सहयोग से योगाचार्य रितेश दुबे ने लोगों को योगाभ्यास कराया। कार्यक्रम में आये अतिथियों कमिश्नर, विद्यालय समूह के चेयरमैन दीपक मधोक को अंगवस्त्र,स्मृति चिह्न,पौधा देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने काशी के जन-जन से अपील कर कहा कि वे योग कर अपने को स्वस्थ रखें।
लोगों का आभार जताते हुए पर्यावरणविद अनिल सिंह ने पर्यावरण संरक्षण ,वर्षा जल संचयन तथा स्वच्छता व गंगा तथा उससे संबंधित नदियों को तथा तालाबों को स्वच्छ रखने तथा नए अमृत तालाब बनवाने के लिए लोगों से आगे आने का आह्वान किया।
श्रीधर
