लखनऊ(हि.स.)। राजधानी लखनऊ के मॉल इलाके में टिम्बर व्यवसायी और वन विभाग की मिलीभगत के इशारों पर हरे वृक्षों के कटान का सिलसिला लगातार जारी है। इसी के तहत भारी संख्या में हरे वृक्षों को काटा गया है। रविवार सुबह मौके पर पहुंचें ग्रामीणों ने कटे पेड़ को सुलगता हुआ पाया तो आक्रोश व्यक्त किया है।
कमालपुर लोधौरा गांव में आम के पेड़ को काटा गया और सुबह होते-होते लकड़ियां बटोर कर ठिकाने लगा दी गयी। आम का हरा भरा पेड़ कटने की जानकारी ग्रामीणों को हुई तो उन्होंने वन विभाग के निरीक्षक को इसके बारे में खबर दी। लेकिन उनकी ओर से भी कोई कार्रवाई अभी तक नहीं हुई है। न ही वन विभाग की टीम पहुंची।
ग्रामीण सुनील का कहना है कि हरे वृ़क्षों को काटने का सिलसिला लगातार जारी है। इससे पहले भी टिम्बर व्यवसायी और वन विभाग की सांठगांठ से हरे वृक्षों को काटा गया है। यह लोग रात के अंधेरे में पेड़ काटते हैं जबकि सरकार वृक्ष रोपण के लिए लोगों को प्रेरित करती रहती है। पेड़ कटान की घटना को सरकार के संज्ञान में आना जरूरी है।
शरद/दीपक/राजेश
