मुंबई (हि. स.)। रेलवे प्रशासन की पिछली अधिसूचना के अनुसार पश्चिम रेलवे द्वारा 23 अक्टूबर 2021 से वडोदरा और झांसी के बीच एक सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन के 12 फेरे चलाने का निर्णय लिया गया था, लेकिन इस सम्बंध में अब जारी संशोधित अधिसूचना के अनुसार ट्रेन नंबर 09177/78 वडोदरा-झांसी सुपरफास्ट स्पेशल (साप्ताहिक) को अब ग्वालियर स्टेशन तक ही चलाने का फैसला लिया गया है। अब यह ट्रेन झांसी के बजाय ग्वालियर स्टेशन से शुरू एवं समाप्त होगी। इसी क्रम में ट्रेन के प्रस्थान व आगमन के समय में भी बदलाव किया गया है।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी सुमित ठाकुर के अनुसार, संशोधित परिचालन के तहत 09177 वडोदरा-ग्वालियर विशेष ट्रेन प्रत्येक शनिवार को वडोदरा से 09.15 बजे प्रस्थान कर अगले दिन 02.20 बजे ग्वालियर पहुंचेगी। यह ट्रेन 23 अक्टूबर 2021 से 27 नवंबर 2021 तक चलेगी। इसी तरह ट्रेन नंबर 09178 ग्वालियर-वडोदरा स्पेशल प्रत्येक रविवार को ग्वालियर से 05.10 बजे प्रस्थान करेगी और उसी दिन 22.20 बजे वडोदरा पहुंचेगी। यह ट्रेन 24 अक्टूबर 2021 से 28 नवंबर 2021 तक चलेगी। यह ट्रेन रास्ते में दोनों दिशाओं में गोधरा, दाहोद, रतलाम, नागदा, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, हिंडौन सिटी, बयाना जंक्शन और आगरा कैंट स्टेशनों पर रुकेगी। यह ट्रेन संशोधित संरचना के साथ चलेगी, जिसमें एसी 2 टियर, एसी 3 टियर, स्लीपर क्लास और सेकेंड क्लास सीटिंग कोच शामिल हैं।
ट्रेन संख्या 09177 की बुकिंग पीआरएस काउंटरों और आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर शुरू हो चुकी है। स्पेशल ट्रेनों के परिचालन, ठहराव और संरचना की जानकारी www.enquiry.indianrail.gov.in पर प्राप्त की जा सकती है। इन स्पेशल ट्रेनों में कन्फर्म टिकट वाले यात्रियों को ही यात्रा की अनुमति दी गई है। पश्चिम रेलवे ने यात्रियों से यात्रा के दौरान कोविड-19 से सम्बंधित मानदंडों के पालन का अनुरोध किया है।
