प्रयागराज (हि.स.)। माफिया अतीक अहमद के अधिवक्ता व जिला अधिवक्ता संघ के सदस्य विजय मिश्रा की गिरफ्तारी से कुछ वकील नाराज हैं। उमेश पाल हत्याकांड में आरोपित विजय मिश्रा की गिरफ्तारी के विरोध में जिला अदालत के वकीलों ने मंगलवार को जिलाधिकारी गेट के सामने चक्का जाम किया। इसके साथ इलाहाबाद हाईकोर्ट के गेट पर भी अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं ने पुलिस पर फर्जी मुकदमे में विजय की गिरफ्तारी का आरोप लगाते हुए सोमवार को विजय को 12 घंटे में रिहा न करने पर आंदोलन की चेतावनी दी थी। जिला अधिवक्ता संघ ने आगे भी न्यायिक कार्य से विरत रहने का एलान किया है। वकीलों ने सड़क जाम कर यातायात बाधित कर दिया और नारेबाजी करते रहे। बवाल की आशंका को देखते हुए कचहरी में पुलिस के साथ ही पीएसी और आरएएफ के जवानों की तैनाती रही।
उमेश पाल और उनके दो सुरक्षाकर्मियों की हत्या की साजिश में विजय मिश्रा के शामिल होने का साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने मुकदमे में वांछित किया था। शनिवार रात पुलिस ने आरोपित विजय को लखनऊ से गिरफ्तार किया और फिर रविवार दोपहर कोर्ट में पेश करके नैनी सेंट्रल जेल भेज दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से वकीलों में नाराजगी व्याप्त हो गई।
विद्या कान्त/दिलीप/सियाराम
