लखनऊ (हि.स.)। कांग्रेस ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए युवाओं के लिए घोषणा पत्र जारी किया। कांग्रेस ने ‘‘भर्ती विधान’’ शीर्षक से जारी इस घोषणा पत्र में वंचित समुदाय के युवाओं से तमाम महत्वपूर्ण वादे किए हैं।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि आरक्षण घोटाले को रोकने के लिए हर भर्ती के लिए सामाजिक न्याय पर्यवेक्षक नियुक्त किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि वंचित समुदाय के युवाओं के लिए रोजगार के लिए नये अवसर प्रदान किये जाएंगे। मल्लाहों और निषादों के लिए विश्वस्तरीय संस्थान बनाया जाएगा जिसमें उन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा अति पिछड़े समुदाय के युवाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए 01 फीसदी ब्याज की दर से पांच लाख तक का लोन देने की घोषणा की है।
कांग्रेस ने युवा घोषणा पत्र में कहा है कि दलित, ओबीसी, एसटी और ईडब्ल्यूएस लाभार्थियों को खुदरा दुकानें चलाने के लिए पांच लाख की पूंजी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के प्रत्येक जिले में दलित छात्रों के लिए छात्रावास खोले जाएंगे। सोनभद्र में तीरंदाजी और प्रयागराज में नौकायन, गोताखोरी और तैराकी अकादमी खोलने का वादा किया गया है।
वहीं सफाई कर्मचारियों के परिवार के युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर प्रदान किए जाने और खुद का व्यवसाय शुरू करने के लिए विशेष प्रोत्साहन देने की बात घोषणा पत्र में कही गयी है। दलित, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस छात्रों के लिए प्री मैट्रिक और पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति नियमित रूप से प्रदान की जाएगी। आर्थिक रूप से कमजोर योग्य छात्रों की सहायता हेतु कॉलेजों और विश्वविद्यालयों को एक सहायता निधि बनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। दलित, ओबीसी, एसटी और ईडब्ल्यूएस लाभार्थियों को खुदरा दुकानें चलाने के लिए पांच लाख की पूंजी प्रदान की जाएगी।
कांग्रेस पार्टी ने मछुआरा, निषाद, राजभर, नोनिया कुम्हार और मल्लाह जैसी अति पिछड़ी जातियों के युवाओं के लिए मत्स्य पालन, नौका व्यवसाय, वाटर स्पोर्ट्स व्यवसाय में प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए एक विश्वस्तरीय संस्थान खोला जायेगा।
बृजनन्दन
