Sunday, December 14, 2025
Homeउत्तर प्रदेशलोस चुनाव : डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने कार्यकर्ताओं को किया प्रोत्साहित

लोस चुनाव : डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने कार्यकर्ताओं को किया प्रोत्साहित

मेरठ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने शुक्रवार को मेरठ में भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय पर लोकसभा चुनाव संचालन समिति की बैठक ली। उन्होंने कार्यकर्ताओं को मतदान के दिन मतदाताओं को बूथ तक पहुंचाने का संकल्प दिलाया।

बागपत रोड स्थित भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय में लोकसभा चुनाव संचालन समिति की बैठक हुई। बैठक में उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से तन-मन से चुनाव प्रचार में जुटने को कहा। कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने कहा कि भगवान राम के प्रतिरूप अरुण गोविल आपके सामने उपस्थित हैं। हम भगवान को जिस रूप में भी देखते हैं तो अरुण गोविल का चेहरा अपने आप सामने आ जाता है। एक अरुण गोविल के आने से केवल यही बात आती है कि वे भगवान श्रीराम के प्रतिरूप हैं और उनका आशीर्वाद हमें मिला है। आज मेरठ लोकसभा पूरे भारत की नंबर एक लोकसभा सीट बन गई है। उन्होंने कहा कि सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने अपने तीन संसदीय कार्यकाल के दौरान मेरठ को विकास के मोर्चे पर अव्वल नंबर पर लाने का कार्य किया है। मेरठ से दिल्ली जाने में तीन-चार घंटे लगते थे। अब 45 मिनट में दिल्ली पहुंच रहे हैं। रैपिड रेल से पूरी तस्वीर ही बदल जाएगी। अब मेरठ दिल्ली हो गया है। मेरठ पूरे देश के हृदय में है। हमें खुद घर-घर पहुंचना है और गली-मोहल्ले को एकसाथ वोट डालने के बूथ पर लेकर जाना है।

उप मुख्यमंत्री ने आपसी मतभेद भुलाकर सभी कार्यकर्ताओं से चुनाव प्रचार में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार एनडीए की सरकार बनेगी। 400 सीटों के पार जाकर एनडीए को प्रचंड बहुमत हासिल होगा। बैठक में सांसद राजेंद्र अग्रवाल, पूर्व विधायक सत्यवीर त्यागी, महानगर अध्यक्ष सुरेश जैन रितुराज, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, एमएलसी सरोजिनी अग्रवाल, जिलाध्यक्ष शिवकुमार राणा, पूर्व विधायक रविंद्र भड़ाना, कमलदत्त शर्मा, संजय त्यागी आदि उपस्थित रहे।

डॉ. कुलदीप/दिलीप

RELATED ARTICLES

Most Popular