लखनऊ(हि.स.)। उत्तर प्रदेश लोक निर्माण विभाग के लोनिवि मिनिस्ट्रीयल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने एक बैठक कर 28 व 29 अक्टूबर को कलमबंद हड़ताल की घोषणा की है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कर्मचारियों की समस्या के मद्देनजर दो दिवसीय हड़ताल कर प्रदेश के कोने-कोने से पदाधिकारियों को विभागाध्यक्ष कार्यालय के सम्मुख पहुंचने का आह्वान किया है।
लोनिवि मिनिस्ट्रीयल एसोसिएशन के प्रवक्ता सीपी श्रीवास्तव ने कहा कि वर्तमान समय में कर्मचारियों की समस्या बहुत है और आने वाले वक्त में लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी आर्थिक रुप से संकट से गुजरने वाले हैं। कर्मचारियों की पदोन्नति, स्थाईकरण, ज्येष्ठता सूची एवं अन्य कई बिन्दुओं पर प्रमुख अभियंता विकास व विभागाध्यक्ष के समक्ष कई बार चर्चाएं होने के बावजूद कोई रास्ता नहीं बनाया गया है। इसके लिए कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर कलमबंद हड़ताल करेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कई स्थानों पर जहां पर भी एसोसिएशन के पदाधिकारी व कार्यकर्ता हैं, वहां पर हड़ताल का असर दिखेगा। इसके लिए सभी कर्मचारी अपने अपने कार्यालय तो पहुंचेंगे, लेकिन कार्य से दूर रहेंगे। कलम से दूर रहेंगे और इसी तरह कलमबंद हड़ताल को अपना समर्थन करेंगे।
शरद
