मेरठ (हि.स.)। मेरठ-हापुड़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने सोमवार को लोकसभा में मेरठ के खरखौदा-मोहिउद्दीनपुर मार्ग पर स्थित रेलवे लाइन पर रेलवे ओवर ब्रिज बनाये जाने की मांग की। नियम 377 के अंतर्गत मामला उठाते हुए सांसद ने इसे जनहित में अति आवश्यक बताया।
सांसद अग्रवाल ने कहा कि रेलवे द्वारा बनाये गए अंडरपासों में थोड़ी वर्षा से भी पानी भर जाने की समस्या को अनेक बार विभिन्न सदस्यों द्वारा सदन में उठाया गया है। इस समस्या का अभी तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। परिणामस्वरूप बरसात के मौसम में इन अंडरपासों से जुड़े गाँव मुख्य मार्गों से पूरी तरह कट जाते हैं तथा सभी ग्रामवासियों विशेषकर किसानों, बीमार व्यक्तियों तथा बच्चों को अत्यधिक कठिनाई होती है।
अग्रवाल ने कहा कि मेरठ में खरखौदा-मोहिउद्दीनपुर मार्ग जनपद का अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग है। इस मार्ग पर खरखौदा रेलवे स्टेशन के निकट ही रेलमार्ग पर अंडरपास निर्माणाधीन है। अंडरपासों के पुराने अनुभव के कारण नागरिकों को आशंका है कि इस मार्ग पर बनने वाले अंडरपास में भी पानी भरेगा तथा सम्पूर्ण क्षेत्र का आवागमन ही बाधित हो जायेगा। सांसद ने लोकसभा के स्पीकर के माध्यम से सरकार से अनुरोध किया कि इस मार्ग पर यातायात के आवागमन को ध्यान में रखते हुए खरखौदा रेलवे स्टेशन के निकट स्थित रेलमार्ग पर एक ओवर ब्रिज बनाया जाए।
कुलदीप
