Monday, March 30, 2026
Homeउत्तर प्रदेशलोकसभा चुनाव में विपक्ष एकत्रित होकर भाजपा को हराएगा : शिवपाल यादव

लोकसभा चुनाव में विपक्ष एकत्रित होकर भाजपा को हराएगा : शिवपाल यादव

– शिवपाल ने कहा, सरकार के मंत्री एवं विधायकों पर नहीं है कोई भी काम

– जीर्णोद्धार के बाद इटावा सहकारी बैंक का मुख्य अतिथि शिवपाल यादव व अध्यक्ष आदित्य यादव ने किया शुभारंभ

औरैया (हि.स.)। जनपद के यमुना रोड पर स्थित इटावा सहकारी बैंक के जीर्णोद्धार के बाद मंगलवार को शुभारंभ करने आए इटावा जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष आदित्य यादव एवं मुख्य अतिथि शिवपाल यादव पहुंचे। उन्होंने फीता काटकर सहकारी बैंक का शुभारंभ किया। इसके उपरांत उन्होंने वार्ता की। वार्ता में सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने कहा कि विपक्ष एकत्रित होकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को आने वाले लोकसभा चुनाव में हराने का काम करेगा।

शिवपाल यादव ने निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने किसी भी वर्ग के लिए कोई भी काम नहीं किया है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी ने पूरी रणनीति बना ली है और उप्र की सभी सीटों पर कार्यक्रम आयोजित कर भाजपा को हराए जाने का काम किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में पूरी तरह से भ्रष्टाचार व्याप्त है, महंगाई चरम सीमा पर पहुंच गई है। उन्होंने कहा प्रदेश में कानून व्यवस्था बिल्कुल समाप्त हो गई है, अपराधों की बाढ़ आ गई है। अपराध मुक्त समाज स्थापित करने का भाजपा का वादा पूरी तरह से खोखला साबित हुआ है। इसके अलावा उन्होंने अन्य मुद्दों पर भी भारतीय जनता पार्टी सरकार पर जमकर प्रहार किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता इटावा सहकारी बैंक के अध्यक्ष आदित्य यादव ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में विश्वनाथ सेंगर मौजूद रहे। कार्यक्रम में सर्वप्रथम नितेंद्र सिंह ने मुख्य अतिथि शिवपाल यादव एवं अध्यक्ष आदित्य यादव का माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत किया।

इस मौके पर उपाध्यक्ष नितेंद्र सेंगर, हाफिज अब्दुल सत्तार, अशोक चौबे, शफीउल्लाह, गुड्डू यादव, सपा जिला अध्यक्ष सर्वेश बाबू, सहकारी संघ के अध्यक्ष सुरेश दुबे, उमा सिंह यादव, सुभाष यादव, बृजेंद्र चौहान, शिवम मिश्रा, कन्हैया दुबे सहित आधा सैकड़ा से अधिक लोग मौजूद रहे।

सुनील /मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular