Thursday, February 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशलोकसभा चुनावों को लेकर मेरठ पहुंचेगी रालोद की संदेश रथयात्रा

लोकसभा चुनावों को लेकर मेरठ पहुंचेगी रालोद की संदेश रथयात्रा

मेरठ (हि.स.)। 2024 के लोकसभा चुनावों में राष्ट्रीय लोकदल ने अपनी खोई ताकत पाने के लिए तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 11 लोकसभा क्षेत्रों को मथने के लिए चौधरी चरण सिंह संदेश रथयात्रा निकाली जा रही है। 13 दिसम्बर को मेरठ में संदेश यात्रा का जोरदार स्वागत होगा।

2014 के लोकसभा चुनावों में राष्ट्रीय लोकदल का सूपड़ा साफ हो गया था। रालोद के परंपरागत जाट और मुस्लिम समीकरण के टूटने से ऐसा हुआ। इसके बाद 2019 में रालोद ने सपा, बसपा और कांग्रेस के महागठबंधन में शामिल होकर चुनाव लड़ा। यहां पर भी रालोद मुखिया रहे अजित सिंह और जयंत चौधरी को हार का सामना करना पड़ा।

चौधरी अजीत सिंह के निधन के बाद रालोद की कमान उनके पुत्र जयंत चौधरी के हाथ में आ गई। दो आम चुनावों से चला आ रहा जीत का सूखा खत्म करने के लिए रालोद पूरी तैयारी कर रहा है। इसके लिए रालोद ने मिशन 2024 को लेकर चौधरी चरण सिंह संदेश रथयात्रा शुरू की है, जो दो महीने में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 11 लोकसभा क्षेत्रों और 55 विधानसभा क्षेत्रों का भ्रमण करेगी। इसके साथ ही प्रदेश के 75 जिलों में बड़े आयोजन किए जाएंगे। रालोद ने किसान, मजदूरों, युवाओं पर फोस किया है। दस दिसम्बर को सहारनपुर से रालोद के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी ने संदेश रथयात्रा की शुभारंभ किया। 13 दिसम्बर को मेरठ में रथयात्रा का आगमन होगा। इसके स्वागत के लिए रालोद नेता पूरी तैयारी से जुटे हैं। रथयात्रा का समापन किसान घाट दिल्ली में 23 दिसम्बर को पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती पर होगा। इस दौरान 11 लोकसभा क्षेत्रों से रथयात्रा गुजरेगी और लोगों को रालोद की नीतियों से अवगत कराएगी।

रालोद के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक सुरेंद्र शर्मा के अनुसार, उनकी पार्टी युवाओं, किसानों, महिलाओं, मजदूरों के मुद्दों को उठा रही है। पार्टी अध्यक्ष जयंत चौधरी इन वर्गों के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। किसान, गरीब, मजदूर, युवाओं तक रालोद की नीतियों को पहुंचाया जा रहा है। इसे साथ ही मेरठ से सात जनवरी से रालोद का युवा सम्मेलन शुरू होगा।

डॉ. कुलदीप/बृजनंदन

RELATED ARTICLES

Most Popular