-मुस्लिम समाज का नुकसान पहुंचाने वाली पार्टी है सपा: शाह आलम
-बसपा प्रत्याशी शाह आलम ने जीत का दावा किया
-समाजवादी पार्टी का गढ़ हो चुका है जमींदोज
-दुनिया में कहीं और कोई नेता बचा हो तो उसे भी सपा बुला ले
आजमगढ़ (हि.स.)। लोकसभा उपचुनाव में सोमवार को राष्ट्रीय ओलमा कौंसिल (आरयूसी) ने बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी को समर्थन देने का ऐलान किया है। दोनों दलों के नेताओं ने एक मंच पर खड़े होकर इसका ऐलान किया। आरयूसी के समर्थन के देने के बाद जिले का सियासी तापमान एक बार फिर गर्म हो गया है।
इसी के साथ दोनों पार्टी के नेताओं ने समाजवादी पार्टी और भाजपा पर जमकर हमला बोला। बसपा प्रत्याशी ने जहां जीत का दावा किया तो वहीं सपा पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि सपा का गढ़ जमींदोज हो गया है, अब उनकी ठेकेदारी नहीं चलने वाली है।
सोमवार को राष्ट्रीय ओलेमा कौंसिल के केन्द्रीय कार्यालय जमातुल रशाद पर राष्ट्रीय ओलेमा कौंसिल और बहुजन समाज पार्टी के नेताओं ने संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता कर राष्ट्रीय उलेमा कौंसिल ने बसपा प्रत्याशी शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली को समर्थन दिया।
इस दौरान राष्ट्रीय ओलेमा कौंसिल के प्रवक्ता तलहा आमिर रशादी ने कहा कि आजमगढ़ अल्लामा शिब्ली नोमानी, राहुल सांस्कृत्यायन के साथ वीरों की धरती रही है। लेकिन पिछले दो लोकसभा के चुनाव में देखा जा रहा है कि सपा और भाजपा यहां के लीडरशीप को ठुकराकर बाहरी प्रत्याशी भेज रहे हैं और ये जीत कर हम पर राज कर रहे है। उन्होंने कहा कि इन लोगों ने जिले के पिकनिक स्पाट के रूप तब्दील कर दिया और तुष्टीकरण की राजनीति की जा रही है। जिसके बाद ओलमा कौंसिंल ने ये फैसला किया कि यहां बाहरी नहीं बल्कि जनपद के प्रत्याशी को समर्थन दिया जाय।
उन्होंने कहा कि जब हमारे जनपदवासी कोरोना जैसे महामारी में आक्सीजन के लिए तड़प रहे थे तो हम लोगों ने मेहनत की। यही नहीं बसपा प्रत्याशी शाह आलम जो कि हमेशा सामाजिक कार्यो में रहते हैं, इन्होंने 600 नये आक्सीजन सिलेंडर मंगाकर यहां के लोगों की सेवा की थी। लेकिन हमारे हुक्मरान गायब थे।
मुस्लिम समाज का नुकसान पहुंचाने वाली पार्टी है सपा: शाह आलम
वहीं बसपा प्रत्याशी शाह आलम ने राष्ट्रीय ओलेमा कौंसिल के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलान आमिर रशादी सहित पार्टी के सभी नेताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कि समर्थन से चुनाव में फर्क पड़ेगा। आरयूसी का अपना कैडर है और प्रत्येक विधानसभा में वोट भी है। उत्साह से लबरेज शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली ने कहा समाजवादी पार्टी की ठेकेदारी अब समाप्त होने वाली है। समाजवादी पार्टी ईमानदान नहीं है। हमारे समाज का सबसे बड़ा नुकसान करने वाली पार्टी कोई है तो वह समाजवादी पार्टी है।
बसपा प्रत्याशी ने सपा पर हमला बोलते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी में कोई ऐसा मुसलिम लीडर नहीं बचा है जो चुनाव प्रचार न कर रहा हो, लेकिन हम कहते है कि कल को कोई पछतावा न रह जाय, दुनिया में कहीं कोई और भी लोग है तो उनको बुला ले, ताकि हारने के बाद कोई पछतावा न रहे कि कोई कमी रह गयी।
बसपा उम्मीदवार ने कहा कि सपा जो किले की बात करती है वो अब पूरी तरह से जमींदोज हो चुका है। आज वे फर्जी वाहनों को लेकर घूम रहे हैं, बाहरी लोग एक शो पीस हो सकते हैं लेकिन एक भी वोट नहीं दे सकते। उन्होंने कहा कि सपा और भाजपा दूसरे और तीसरे के लिए लड़ रहे हैं, जबकि बहुजन समाजवादी पार्टी चुनाव जीत चुकी है।
राजीव
