-कांग्रेस के स्थापना दिवस पर आयोजित हुआ कार्यक्रम
-गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण करने जाते समय पुलिस ने रोका-
कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय पर ही धरने पर बैठे कांग्रेसी नेता
लखनऊ (हि.स.)। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के स्थापना दिवस के मौके पर सोमवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में परम्परागत तरीके से सेवादल द्वारा ध्वजवंदन व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इस मौके पर अजय कुमार लल्लू ने कांग्रेस की 136वीं वर्षगांठ पर सभी कांग्रेसजनों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज का दिन हम सबके लिए बहुत ही गर्व का दिन है। आज कुछ लोकतंत्रविरोधी शक्तियां संविधान, संवैधानिक संस्थाओं को कुचलना चाहती हैं। अपने अधिकारों के लिए जब कोई आवाज उठाता है तो उस पर मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाता है।
अजय कुमार लल्लू ने कहा कि देश का किसान आज दिल्ली के बार्डर पर अपने अधिकारों के लिए डटा है और जान दे रहा है। योगी जी गाय माता को गुड़, चना और रोटी खिलाकर फोटो खिंचाते हैं और वायरल करते हैं लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि प्रदेश की गौशालाओं में चारा न होने के कारण गाय माता मर रही हैं। पूरे प्रदेश की गौशालाएं भ्रष्टाचार की चपेट में हैं। ध्वजारोहण के उपरान्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के नेतृत्व में कांग्रेसजन ‘कांग्रेस संदेश यात्रा’ निकालकर हजरतगंज (जीपीओ पार्क) स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के लिए प्रदेश मुख्यालय से निकलते ही भारी पुलिस बल द्वारा रोक दिया गया।
पदयात्रा रोके जाने पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व वरिष्ठ नेताओं की पुलिस से नोंक-झोंक व बहस हुई। इसके उपरान्त अजय कुमार लल्लू के नेतृत्व में कई वरिष्ठ नेता एवं सैंकड़ों की संख्या में कांग्रेस जन प्रदेश कार्यालय पर उपवास पर बैठ गये।
