Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशलॉरेंस विश्नोई ने शिक्षक से मांगी रंगदारी, मुकदमा दर्ज

लॉरेंस विश्नोई ने शिक्षक से मांगी रंगदारी, मुकदमा दर्ज

मेरठ (हि.स.)। पंजाब से बाहर निकल कर गैंगस्टर लॉरेंस विश्नोई ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी अपने पैर जमाने शुरू कर दिए हैं। लॉरेंस ने मेरठ के एक इंटर कॉलेज के प्रवक्ता को वाट्सऐप कॉल कर पांच लाख रुपए की रंगदारी मांगी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

कस्तला गांव के नवजीवन इंटर कॉलेज में प्रवक्ता डॉ. नीरज शर्मा ने गंगानगर थाने में शिकायत देकर बताया कि लॉरेंस विश्नोई के नाम से उससे पांच लाख रुपए की रंगदारी मांगी जा रही है। शिक्षक ने बताया कि आठ नवम्बर को अनजान नंबर से वाट्सऐप कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि हम लॉरेंस विश्नोई गैंग से बोल रहे हैं। इसके बाद गाली-गलौच करते हुए कहा कि तेरे बारे में सब जानता हूं। तू कहां उठता-बैठता है। मुझे सब पता है। अगर पांच पेटी नहीं दी तो तेरे और तेरे परिवार के लिए अच्छा नहीं होगा। तेरे घर पर तेरी लाश आएगी। उस नंबर पर गैंग की डीपी भी लगी हुई थी। इसके बाद शिक्षक ने नंबर ब्लॉक कर दिया। नौ नवम्बर को शिक्षक ने पूरा मामला अपने कॉलेज में साथियों को बताया। इसके बाद यूपी-112 नंबर पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई तो पुलिस कॉलेज में पहुंची। पुलिस के आने के बाद शिक्षक ने धमकी देने वाले नंबर पर कॉल की और इंस्पेक्टर ने खुद शिक्षक बनकर बात की। तब कॉलर ने कहा कि पुलिस के सामने ही अकाउंट नंबर दूंगा। उसमें पांच पेटी ट्रांसफर कर देना। इसके बाद पुलिस ने गंगानगर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गुरुवार को इंस्पेक्टर गंगानगर ने बताया कि अभी तक की जांच में सामने आया है कि यह कॉल मैनपुरी के नंबर से की गई है। शिक्षक की सुरक्षा की व्यवस्था की जा रही है। जल्द ही जांच करके पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। इसके लिए साइबर सेल की सहायता ली जा रही है।

कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular