Saturday, March 28, 2026
Homeस्वास्थ्यलू से बचाव के लिए तरल पदार्थों का करें सेवन, हल्के कपड़े...

लू से बचाव के लिए तरल पदार्थों का करें सेवन, हल्के कपड़े पहनें

लखनऊ (हि.स.)। लू से बचाव के लिए जरूरी है कि पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थों का सेवन करें और हल्के कपड़े पहनें। इस समय तेज धूप हो रही है और लू चल रही है। ऐसे में स्वास्थ्य समस्याओं से बचने के लिए कुछ सावधानियां जरूरी हैं।

लखनऊ के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅॅ. मनोज अग्रवाल ने बताया कि कमजोरी आना, चक्कर आना, पसीना आना, सिर दर्द और बेहोशी हीट स्ट्रोक के लक्षण हैं। यदि बेहोशी आए या अन्य कोई समस्या महसूस करें तो शीघ्र ही चिकित्सक से सलाह लें।

उन्होंने बताया कि दोपहर 12 बजे से तीन बजे के मध्य बहुत जरूरी हो तब ही घर से बाहर निकलें। अगर निकलना बहुत जरूरी है तो निकलते समय सिर को गीले कपड़े या गमछे से ढकें, छाते का प्रयोग करें और पीने का पानी साथ रखें।

हल्के रंग के कपड़े पहनें जो पसीना सोखते हों। खुले हवादार कमरे में रहें। कमरे के खिड़की और दरवाजों पर परदे डालें। इसके अलावा खूब पानी पियें, अगर प्यास न लगी हो तो भी पिएं।

बलरामपुर अस्पताल के डाॅ. ओमकार यादव ने बताया कि रसदार फल जैसे संतरा, तरबूज, खरबूजा, खीरा, ककड़ी, छाछ, नारियल पानी, नीबू पानी, घर की बनी लस्सी और ओआरएस का घोल पिएं। इसके साथ ही इस बात का भी प्रयास करें कि जहां तक संभव हो दिन के समय घर के निचले तल पर ही रहें। इस बात का भी ध्यान रखें कि जानवरों को छायादार स्थानों पर रखें। उन्हें पीने के लिए पर्याप्त पानी दें। ताजा घर का बना हुआ और सुपाच्य भोजन करें। अधिक प्रोटीन वाले खाद्य पदार्थों के सेवन से बचें। चाय, कॉफी, कार्बोनेटेड सॉफ्ट ड्रिंक, एल्कोहॉल आदि का सेवन न करें क्योंकि यह शरीर में निर्जलीकरण करते हैं। इसके अलावा जो लोग खुले स्थानों पर काम करते हैं, वह दोपहर में काम करने से बचें।

बृजनन्दन/दिलीप

RELATED ARTICLES

Most Popular