Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशलूटपाट के इरादे से घुसे बदमाशों ने विधवा को पीट-पीट किया अधमरा

लूटपाट के इरादे से घुसे बदमाशों ने विधवा को पीट-पीट किया अधमरा

बांदा (हि.स.)। जहां एक और शासन द्वारा प्रदेश को अपराधियों से मुक्त होने का दावा किया जा रहा है, वहीं अपराधी आए दिन कहीं न कहीं अपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला जनपद के लुकतरा गांव का है। जहां आधीरात के बाद बदमाशों ने घर में घुसकर एक वृद्धा विधवा को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया और इसके बाद मौके से भाग निकले।

घटना देहात कोतवाली अंतर्गत लुकतरा गांव में हुई। इसी गांव में श्यामा पत्नी पैसुनी प्रसाद पांडे घर पर अकेली रहती है। उसके तीन बेटे हैं जो बाहर रहकर काम करते हैं। पीड़िता के मुताबिक मंगलवार की रात को उसे आभास हुआ कि घर पर कोई घुसा आया है। नींद खुलने पर उसने दरवाजा खोल कर बाहर भागने की कोशिश की। तभी उन बदमाशों ने महिला को दबोच लिया और आंखों में पट्टी बांध दी और उसके बाद मारना पीटना शुरू कर दिया। शोर न मचाने पाये इसके लिए मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। बदमाशों द्वारा बेरहमी से की गई पिटाई के कारण महिला बेहोश हो गई।

देहात कोतवाली इंचार्ज ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर मैं मौके पर पहुंचा और देखा कि घर का सारा सामान जहां का तहां रखा है। लगता नहीं है कि यहां कोई लूटपाट की घटना हुई है। लेकिन महिला के साथ मारपीट हुई है और इस घटना को अंजाम देने वाले कौन लोग हैं, इसका पता लगाने के लिए महिला से बयान लेने के बाद ही पता चल पाएगा।

इस बीच क्षेत्राधिकारी नगर राकेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जांच के बाद पता चला कि महिला के घर में लूटपाट या चोरी की घटना नहीं हुई है। मारपीट की घटना हुई है, इस मामले की जांच की जा रही है।

अनिल

RELATED ARTICLES

Most Popular