Saturday, March 28, 2026
Homeउत्तर प्रदेशलीज पर देने के बाद भी आम लोगों को हर्बल पार्क में...

लीज पर देने के बाद भी आम लोगों को हर्बल पार्क में टहलने के लिए मिलेगा निःशुल्क प्रवेश

– मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष शैलेष कुमार सिंह ने बताया हर्बल पार्क का टेंडर 1,21,25000 रुपये उठा

– आम लोगों को शीत ऋतु में सुबह 8 बजे और ग्रीष्म ऋतु सुबह 7 बजे तक पार्क में टहलने

मुरादाबाद (हि.स.)। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष शैलेश कुमार सिंह ने बताया कि मुरादाबाद में दिल्ली रोड स्थित नया मुरादाबाद में बने हर्बल पार्क को पांच साल के लिए लीज पर दिया जाएगा। महानगर के आम लोगों को इसके लीज पर देने से कोई नुकसान न हो इसके लिए शीत ऋतु में सुबह 8 बजे और ग्रीष्म ऋतु सुबह 7 बजे तक पार्क में टहलने पहुंचने वाले लोगों का प्रवेश मुफ्त रखा गया है। अब पार्क के रखरखाव और सुरक्षा की जिम्मेदारी भी अब कांट्रेक्टर की होगी।

नया मुरादाबाद स्थित 25 एकड़ क्षेत्र में बने विभिन्न प्रकार के औषधीय पौधों, फूलवारी, फाउंटेन, कैंटीन, खेल मैदान और आकर्षक झूलों से सजे हर्बल पार्क को मुरादाबाद विकास प्राधिकरण अभी तक करीब 80 लाख रुपये प्रतिवर्ष के ठेके पर देता था। जबकि उसकी सुरक्षा, साफ-सफाई, रंगाई-पुताई, बिजली बिल आदि पर करीब 85 लाख रुपये का खर्च आता था। इस तरह मुरादाबाद विकास प्राधिकरण को करीब पांच लाख रुपये प्रतिवर्ष हानि उठानी पड़ती थी। इसके बाद भी पार्क की दशा धीरे-धीरे खराब होती जा रही थी।

एमडीए उपाध्यक्ष शैलेष कुमार ने यहां कार्यभार ग्रहण के बाद से सबसे पहले हर्बल पार्क को विकसित करने के साथ उसे नया लुक दिया। इसके बाद उसे पांच साल के लिए लीज पर देने का निर्णय लिया। इसके लिए कुछ गाइड लाइन तैयार करने के बाद टेंडर आमंत्रित किए गए थे, जिसमें चार लोगों ने भाग लिया था। टेंडर खुलने के बाद सर्वाधिक 1,21,25000 रुपये का टेंडर सैफी कांट्रेक्टर के स्वामी नाजिम सैफी का निकला हैं।

पहले 5 लाख रूपये की हानि अब 1.21 करोड़ रुपये की आय

मुरादाबाद विकास प्राधिकरण हर्बल पार्क को अभी तक ठेके पर देता था, जिसमें प्रति वर्ष करीब पांच लाख रुपये की हानि होती थी। अब लीज पर देने से प्राधिकरण को बिना कुछ खर्च किए करीब 1.21 करोड़ रुपये की आय होगी। बुधवार को इसकी टेंडर प्रक्रिया पूरी हो गई। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण को इससे प्रति वर्ष 1,21,25000 रुपये की आय होगी।

निमित जायसवाल

RELATED ARTICLES

Most Popular