वाराणसी (हि.स.)। लिंग भेद के खिलाफ मंगलवार को मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बेनीपुर गांव में बालिकाओं ने जागरूकता रैली निकाली। रैली में शामिल लड़कियों ने नही किसी का हो अपमान, लड़का- लड़की एक समान, बाबा हमको पढ़ने दो, पढ़कर आगे बढ़ने दो, कन्या भ्रूण हत्या बन्द करो, बाल विवाह पर रोक लगाओ, हमको दुनिया में आने दो,अपना मान बढ़ाने दो, बेटी पढ़ाओ -बेटी बढ़ाओ आदि नारे लगाये और लिखी तख्तियां लहराईं।
आशा ट्रस्ट व लोक समिति के तत्वावधान में रैली गांव के प्राथमिक विद्यालय से लेकर पंचायत भवन तक निकाली गईं । रैली में गांव की महिलाओं ने भी भाग लिया। रैली के बाद बालिका महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ समिति संयोजक नन्दलाल मास्टर, उप निरीक्षक बलिराम पाठक, सामाजिक कार्यकर्ता तनुजा मिश्रा ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर किया।
महोत्सव में लड़कियों ने लैंगिक भेदभाव पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम किया और असमानता के खिलाफ खुलकर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में बेनीपुर, बड़ौरा बाजार, भतपुरवां, गनेशपुर, नागेपुर, कल्लीपुर व कुंडरिया आदि आसपास के कई गांव की लड़कियों ने भाग लिया। महोत्सव में मिशन शक्ति अभियान थाना मिर्जामुराद से आये रूचि सिंह व एसआई बलिराम पाठक ने सरकार द्वारा चलाये गए अभियान और लड़कियों को उनके अधिकार के बारे में जागरूक किया।
लड़कियों और महिलाओं की सहायता के लिए जारी हेल्पलाइन नंबर 112,198, 181, 102 आदि की जानकारी दिया। कार्यक्रम का संचालन आशा मौर्या व मन्जू, स्वागत राजकुमारी पटेल और धन्यवाद ज्ञापन सोनी ने किया।
