Sunday, December 14, 2025
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडालापरवाह पंचायत सचिव को मिली प्रतिकूल प्रविष्टि

लापरवाह पंचायत सचिव को मिली प्रतिकूल प्रविष्टि

मृत्यु प्रमाण पत्र देने में लापरवाही पर सीडीओ ने की कार्रवाई

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। जिले के वजीरगंज विकास खंड में तैनात ग्राम विकास अधिकारी सुनीता मौर्या के खिलाफ लापरवाही और घूसखोरी के गंभीर आरोपों के बाद प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। प्रकरण में उन्हें दोषी ठहराते हुए वर्ष 2024-25 के लिए मध्यावधि प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। विकास खंड के परसिया मदरहा गांव निवासी भगौती प्रसाद ने तमाम प्रयासों के बावजूद अपनी स्वर्गीय माता राम लली का मृत्यु प्रमाण पत्र समय से प्राप्त न होने तथा पैसे की मांग करने की शिकायत दर्ज कराई थी।
विवरण के अनुसार, भगौती प्रसाद का आरोप था कि 29 जुलाई 2024 को आवेदन करने के बावजूद पंचायत सचिव द्वारा प्रमाण पत्र जारी करने में जान बूझकर देरी की गई। यह भी बताया गया कि आवेदन को 30 जुलाई को उप जिलाधिकारी तरबगंज से खंड विकास अधिकारी के पास भेजा गया था, लेकिन सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) के माध्यम से यह आवेदन 22 अगस्त को ग्राम विकास अधिकारी सुनीता मौर्या को सौंपा गया। इसके बावजूद प्रमाण पत्र जारी करने में जानबूझकर देरी की गई। इतना ही नहीं, भगौती प्रसाद ने यह भी आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत अधिकारी उज्जवल कुमार, जो सुनीता मौर्या के पति हैं, ने प्रमाण पत्र जारी करने के बदले में उनसे पैसे की मांग की। वह लगातार एक महीने से कार्यालय के चक्कर लगा रहे थे, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही थी। भगौती प्रसाद ने बताया कि वह मजदूरी करते हैं और बार-बार कार्यालय आने-जाने के कारण उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानी झेलनी पड़ी।
मामला जिला विकास अधिकारी के संज्ञान में आने के बाद तेजी से जांच की गई और 9 सितंबर 2024 को मैन्युअल रूप से मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किया गया, जबकि 22 सितंबर 2024 को इसे ऑनलाइन भी जारी किया गया। इसके बाद 24 सितंबर को भगौती प्रसाद को उनके घर जाकर प्रमाण पत्र सौंपा गया। 25 सितंबर को भगौती प्रसाद ने खुद मुख्य विकास अधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर प्रमाण पत्र मिलने की पुष्टि की और उन्हें परेशान किए जाने की जानकारी दी। शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के विपरीत आचरण और अपने पदीय दायित्वों के प्रति लापरवाही बरतने के आरोप में सुनीता मौर्या के खिलाफ कार्यवाही की गई। मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन ने सुनीता मौर्या को उनके कर्तव्यों के प्रति लापरवाही और उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना के लिए प्रतिकूल प्रविष्टि दी है। सीडीओ अंकिता जैन ने कहा कि जनपद में जन्म प्रमाण पत्र व मृत्यु प्रमाण पत्र मैनुअल तरीके से न जारी किये जाएं। सभी प्रमाण पत्र ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से ही जारी किए जाएं। जन समस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकारी कार्यों में देरी और भ्रष्टाचार को लेकर कठोर कदम उठाए जाएंगे।

यह भी पढें : मेरे नाम की ताकत से चुनाव जीती विनेश-बृजभूषण

हमारी अन्य खबरों को सीधे पोर्टल पर जाकर भी पढ़ सकते हैं। इसके लिए क्लिक करें : www.hindustandailynews.com

कलमकारों से ..

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com पर प्रकाशन के इच्छुक कविता, कहानियां, महिला जगत, युवा कोना, सम सामयिक विषयों, राजनीति, धर्म-कर्म, साहित्य एवं संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक इत्यादि विषयों पर लेखन करने वाले महानुभाव अपनी मौलिक रचनाएं एक पासपोर्ट आकार के छाया चित्र के साथ मंगल फाण्ट में टाइप करके हमें प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं। हम उन्हें स्थान देने का पूरा प्रयास करेंगे : जानकी शरण द्विवेदी सम्पादक मोबाइल 09452137310 E-Mail : jsdwivedi68@gmail.com

RELATED ARTICLES

Most Popular