Sunday, April 12, 2026
Homeअन्यलापरवाही से गाड़ी चलाने के मामले में पेटीएम के संस्थापक गिरफ्तार

लापरवाही से गाड़ी चलाने के मामले में पेटीएम के संस्थापक गिरफ्तार

नई दिल्ली(हि.स.)। दक्षिणी दिल्ली पुलिस ने पेटीएम संस्थापक विजय शेखर शर्मा को लापरवाही से वाहन चलाने के एक मामले में गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस ने धारा 279 (तेज या लापरवाही से ड्राइविंग) के तहत मामला दर्ज करने के बाद जमानत पर रिहा कर दिया।

पेटीएम फाउंडर विजय शेखर शर्मा की गाड़ी से दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में मदर इंटरनेशनल स्कूल के पास हादसा हो गया था। विजय शेखर शर्मा ने जगुवार लैंड रोवर गाड़ी से दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी की गाड़ी में टक्कर मार दी। यह घटना 22 फरवरी को हुई थी। बताया जाता है कि हादसे में किसी को कोई चोट नहीं पहुंची थी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद विजय शेखर शर्मा मौके से अपनी गाड़ी को लेकर भाग निकले थे। शर्मा की कार से जिस गाड़ी की टक्कर हुई थी, वह साउथ दिल्ली के डीसीपी की थी। यह हादसा उस समय हुआ जब चालक डीसीपी की गाड़ी में पेट्रोल भरवाने के लिए जा रहा था। डीसीपी (दक्षिण) बेनिता मैरी जैकर के साथ चालक के रूप में तैनात कॉन्स्टेबल दीपक कुमार की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई।

डीसीपी (दक्षिण) बेनिता मैरी जैकर ने इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। लेकिन कॉन्स्टेबल दीपक कुमार ने कहा कि वह डीसीपी जैकर के साथ तैनात थे और सुबह करीब आठ बजे उनके वाहन को एक पेट्रोल पंप पर ले गए थे। इसी दौरान एक कार साइड से तेज गति से आई और मेरे वाहन को टक्कर मार दी। हरियाणा का रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट था और वह व्यक्ति गाड़ी से भागने में कामयाब हो गया। फिर हमने मालवीय नगर पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज कराई।

अनूप

RELATED ARTICLES

Most Popular