Sunday, March 22, 2026
Homeउत्तर प्रदेशलापता भाई-बहन का शव नाले में मिला, पुलिस जांच में जुटी

लापता भाई-बहन का शव नाले में मिला, पुलिस जांच में जुटी

रायबरेली (हि.स.)। संदिग्ध परिस्थितियों में लापता भाई बहन का शव गुरुवार को नाले में मिला है, इससे हत्या और आत्महत्या को लेकर पहेली उलझ गई है।हालांकि पुलिस ने हर पहलू से जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

गौरतलब है कि शिवगढ़ थाना क्षेत्र के निहालखेड़ा मजरे सूरजपुर गांव में सुबह एक लड़का और एक लड़की के शव को लोगों ने देखा और पुलिस को जानकारी दी। गांव वालों ने शव की पहचान करते हुए बताया कि दोनों अपने ननिहाल में आये थे, शव की पहचान होने से हड़कंप मच गया।

परिजनों ने बताया कि सुंदरी(7) पुत्री शिवशंकर निवासी खम्मनखेड़ा कोतवाली हैदरगढ़ जिला बाराबंकी व शिवा(5) पुत्र शिवनारायण बुधवार शाम से ही लापता हैं, वह अपनी नानी कलावती के साथ गांव के ही दिनेश कुमार के पालेशर पर धान कुटवाने के लिए साथ गए थे, लेकिन नानी धान कुटवाने के बाद जब वह घर पहुंची तो वहां बच्चे नहीं मिले। ग्रामीणों के साथ काफी खोजबीन के बाद सूचना देर रात स्थानीय पुलिस को दी गई। रात भर खोजबीन के बाद भी बच्चों का पता नहीं चल सका। सुबह करीब 10 बजे दोनों का शव चौतरा नाला में पड़ा मिला।

नानी कलावती ने बताया कि बच्चे उसके पास कुछ दिनों से आये हुए थे और रिश्ते में मौसरे भाई बहन थे। थाना अध्यक्ष पंचम लाल ने बताया कि नाना शत्रोहन लाल की तरफ से मुकदमा पंजीकृत कराया गया है। शव को नाले से निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जांच चल रही है मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा।

मौके पर पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार श्रीवास्तव,एडिशनल एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी राजकिशोर सिंह तथा उपजिला अधिकारी महाराजगंज सविता यादव भी पहुंची।

RELATED ARTICLES

Most Popular