Sunday, March 29, 2026
Homeउत्तर प्रदेशलाख प्रयास के बावजूद भाजपा 2024 में होगी सत्ता से बाहर :...

लाख प्रयास के बावजूद भाजपा 2024 में होगी सत्ता से बाहर : अखिलेश यादव

लखनऊ (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लाख चालाकी कर ले लेकिन आने वाले लोकसभा चुनाव 2024 में उसे सत्ता से बाहर जाना ही है। केन्द्र की सरकार में उसकी वापसी नहीं होने वाली है। जनता भाजपा की जनविरोधी नीतियों से तंग आ गई है। भाजपा ने जो झूठे सपने दिखाए थे उनकी सच्चाई लोग जान गए हैं। अब जनता के सब्र का बांध टूट रहा है। यह बातें समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरूवार को प्रदेश मुख्यालय में एकत्र कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा जबसे पीडीए की चर्चा आई है भाजपा में घबड़ाहट बढ़ गई है। समाज का हर वर्ग महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से आक्रोशित है। भाजपा देश को बर्बाद करने पर तुली है। उसका इरादा समाज को बांटने का है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि विगत 2022 का विधानसभा चुनाव भाजपा ने धांधली औरसत्ता का दुरुपयोग करके जीता। भाजपा ने साजिश और षड़यंत्र से समाजवादियों को सरकार में नहीं आने दिया। मतदान से लेकर मतगणना तक में धांधली की गई। मात्र साढ़े तीन लाख वोटों के अंतर से सन् 2022 का चुनाव परिणाम प्रभावित करके भाजपा ने सरकार बनायी थी।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के कारण लोकतंत्र खतरे में है। संवैधानिक संस्थाओं को वह इरादतन कमजोर कर रही है। प्रशासन में भी वह भेदभाव का जहर बो रही है। समाजवादी पार्टी की मान्यता है कि भारतीय संविधान से देश की व्यवस्था चलनी चाहिए। संविधान बचेगा तभी लोकतंत्र बचेगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव की निष्पक्षता तथा स्वतंत्रता के साथ खिलवाड़ करके सत्ता पर काबिज होती है। समाजवादी पार्टी इस बार भाजपा को धांधली करने से रोकेगी। अब किसी भी तरह की कोताही नहीं होगी। बूथ स्तर तक समाजवादी पार्टी पूरी मजबूती से चुनाव की तैयारी कर रही है। इस बार सन् 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा की करारी हार तय है।

मोहित/पदुम नारायण

RELATED ARTICLES

Most Popular