नई दिल्ली (हि.स.)। दक्षिण जिले के मैदानगढ़ी थाना पुलिस ने कई सालों से फरार चल रहे कुख्यात ठग को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान अजय यादव के रूप में हुई है। आरोपित यूपी के मथुरा के होली चौक का रहने वाला है। आरोपित के द्वारा कई लोगों से साथ ठगी की वारदात को अंजाम दिया गया है। आरोपित अलग-अलग नाम से किराए पर रहता था। लोगों को लोन दिलाने के नाम पर ठगी करता था।
डीसीपी अतुल कुमार ठाकुर ने सोमवार को बताया कि शिकायतकर्ता ने महरौली थाना पुलिस को बताया कि आरोपित ने वैल्यू में करंट नेशनल प्राइवेट लिमिटेड ओखला औद्योगिक क्षेत्र दिल्ली के गंगा कार्यालय में शिकायतकर्ता को लोन की आवश्यकता थी। उसने एक पेपर में विज्ञापन देखा और अपने कारोबार का विस्तार करने के लिए 65 करोड़ का लोन के लिए अप्लाई किया। आरोपित ने खुद को मैसेज के रूप में निर्देशित किया और 10 साल के लिए 10 प्रतिशत प्रतिवर्ष ब्याज पर 65 करोड़ की राशि दिलवाने का आश्वासन दिया।
जिसके बाद आरोपित मुंबई से दिल्ली आया। सारा खर्चा शिकायतकर्ता ने किया। दस्तावेजों की पैकिंग और पंजीकरण शुल्क के लिए 18 लाख आरोपित की कंपनी के खाते में शिकायतकर्ता ने डाल दिए, लेकिन रुपए लेने के बाद आरोपित ने प्रवाल फोन बंद कर दिया और उसके द्वारा दिया गया पता भी फर्जी पाया गया। आरोपित ने संजय अग्रवाल, राकेश शर्मा, विकास कुमार, गुड्डू, रमन, अविनाश अलग-अलग लोगों के साथ इसी प्रकार की ठगी की थी।
शुरुआत में मामला मेहरौली पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया था। पुलिस ने कई जगह छापेमारी की, लेकिन आरोपित का कोई पता नहीं चला। बाद में मामला मैदान गढ़ी थाने की पुलिस को सौंपा गया।
एसीपी रणवीर सिंह ने मैदान गढ़ी थाने के एसएचओ जतन सिंह के नेतृत्व में टीम का गठन किया. जिसमें एसआई उमेश यादव हेड कांस्टेबल सुनील पंकज कमल प्रकाश कॉन्स्टेबल नरेंद्र भीम सोमबीर को शामिल किया गया। टीम ने शुरू में आरोपित के कई ठिकानों की तलाशी ली, लेकिन आरोपित वर्ष 2014 से ही अपने ठिकाने से फरार था। आरोपित का मोबाइल नंबर भी लंबे समय से बंद था।
जांच के दौरान पता चला कि आरोपित द्वारा निर्मित एक फिल्म साक्षी हाल ही में रिलीज हुई है। आरोपित ने पहले फिल्मों का निर्माण किया था। पुलिस ने मध्य प्रदेश में छापेमारी की लेकिन आरोपित का कोई पता नहीं चला, लेकिन इसका एक मोबाइल नंबर मिला जो चालू था। उसके तकनीकी विवरण के विश्लेषण पर टीम ने यूपी के मथुरा में छापेमारी कर उसके घर के कुछ ही दूरी से उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ पर उसके असली नाम अजय यादव सामने आया।
जांच में पता चला कि आरोपित यूपी के मथुरा के होली चौक का रहने वाला है। इससे पहले भी आरोपित ने कई लोगों के साथ ठगी की है। फिलहाल पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच में जुट गई है।
