Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेशलाइव सुसाइड केस : आरोपितों की संपत्तियों पर चल सकता है बुलडोजर

लाइव सुसाइड केस : आरोपितों की संपत्तियों पर चल सकता है बुलडोजर

बलिया (हि.स.)। बंदूक व्यवसायी द्वारा फेसबुक लाइव कर आत्महत्या करने के मामले में जिला प्रशासन आरोपितों की अवैध सम्पत्तियों पर बुलडोजर की कार्रवाई कर सकता है। इसके लिए पुलिस व प्रशासन के अधिकारी आरोपितों की कुंडली खंगालने में जुटे हैं। उधर, आरोपितों की धर-पकड़ भी तेज हो गई है।

स्टेशन मालगोदाम रोड पर लाइसेंसी असलहों की दुकान चलाने वाले नंदलाल गुप्ता ने गत बुधवार को फेसबुक लाइव कर कनपटी पर पिस्टल से गोली मार कर आत्महत्या कर लिया था। नंदलाल ने अपने फेसबुक लाइव में सूदखोरों पर गम्भीर आरोप लगाए थे। मौके पर एक सुसाइड नोट में लिखे नाम और नंदलाल की पत्नी मोनी गुप्ता की तहरीर के आधार पर आरोपित किए गए लोगों पर पुलिसिया कार्रवाई तेज हो गई है। नंदलाल गुप्ता के परिजनों से मिलने गए सांसद वीरेन्द्र सिंह मस्त ने संकेत दिए थे कि गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस मामले को लेकर सख्त हैं। जिसके बाद धड़ाधड़ कार्रवाई भी होने लगी है। हालांकि, नामजद मुख्य आरोपित अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं।

बावजूद इसके सुनील मिश्र, राजू मिश्र और अवधेश ठाकुर को गिरफ्तार कर पुलिस जेल की सलाखों में डाल चुकी है। मामले में आरोपित अजय सिंघाल और पूना सिंह की भृगु आश्रम स्थित अचल सम्पत्तियों की कुंडली जिला प्रशासन खंगाल रहा है। जिसमें कई झोल मिलने के संकेत हैं। जिसके आधार पर बुलडोजर चल सकता है। सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी के नेतृत्व में पुलिस बल रविवार को अजय सिंघाल के होटल व प्लॉट और पूना सिंह के आवासीय फ्लैट पर पहुंचा था। अधिकारियों ने मौके पर मिले लोगों से आरोपितों को शीघ्र हाजिर कराने को अल्टीमेटम दे दिया है। वरना बुलडोजर की कार्रवाई भी हो सकती है। माना जा रहा है कि निकाय चुनाव में व्यापारी वर्ग नाराज न हो, इसको लेकर शासन भी सतर्क है। इसीलिए प्रशासन कोई ढील न देने के मूड में है।

पंकज

RELATED ARTICLES

Most Popular