हमीरपुर (हि.स.)। नगर में पिछले दिनों इकलौते सिटी फारेस्ट में एक लड़की से दरिंदगी कर वीडियो बनाने और वायरल करने की सनसनीखेज वारदात को लेकर अब दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। शनिवार को एसपी ने बीट कांस्टेबल को लापरवाही बरतने पर निलम्बित कर दिया है। पुलिस ने इस घटना में फरार छठवें आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
आजादी के अमृत महोत्सव पर पूरे जिले में कार्यक्रम आयोजित हो रहे थे तभी यहां शहर के हेड क्वाटर पर सिटी फारेस्ट में एक लड़की की अस्मत तार-तार कर उसका वीडियो बना लिया गया। अज्ञात लड़की अपने करीबी के साथ 16 अगस्त को दोपहर सिटी फारेस्ट घूमने गई थी। उसे नहीं पता था कि यहां दरिंदे चंद समय बाद हैवानियत का खेल खेलेंगे। आधा दर्जन युवकों ने लाठी डंडे और बेल्ट से पहले तो लड़की के करीबी के साथ मारपीट की फिर लड़की को निर्वस्त्र कर उसके साथ दरिंदगी की गई। दरिंदगी का वीडियो घटना के दो दिन बाद सोशल मीडिया में वायरल कर दिया गया।
आईजी के जाते ही बीट कान्सटेबिल सस्पेंड
लड़की से दरिंदगी का वीडियो वायरल होने के बाद आईजी वीके मिश्रा ने सिटी फारेस्ट में घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। उन्होंने अफसरों के साथ कानून व्यवस्था और अब तक हुई कार्रवाई को लेकर चिंतन और मंथन भी किया। उनके जाने के बाद पुलिस अब एक्शन मोड पर आ गई है। आईजी के जाने के बाद आज एसपी शुभम पटेल ने बीट कांसटेबल अनुराग को निलम्बित कर दिया है।
वारदात में फरार छठवा दरिंदा भी गिरफ्तार
सिटी फारेस्ट हमीरपुर में लड़की से दरिंदगी कर वीडियो बनाने और इसे सोशल मीडिया में वायरल करने के सनसनीखेज मामले में फरार छठवां आरोपी भी गिरफ्तार कर लिया गया है। एसपी शुभम पटेल ने बताया कि घटना में फरार छठा आरोपी लखन खंगार को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी मौदहा क्षेत्र के भवानी गांव का रहने वाला है जो हमीरपुर के गौरादेवी में किराए के मकान में रहता है।
दो सर्किल सीओ के स्थानांतरण
एसपी शुभम पटेल ने शनिवार को यहां हमीरपुर सदर के सीओ घनश्याम सिंह को सरीला स्थानांतरित कर दिया है जबकि सरीला के सीओ प्रमोद कुमार सिंह को राठ सर्किल की जिम्मेदारी दी गई है। एसपी ने बताया कि सीओ राठ अभय नारायण राय के स्थानांतरण होने और कार्य मुक्त किए गए है। बताया कि सीओ घनश्याम सिंह हाल में ही स्थानांतरण पर हमीरपुर सदर आए थे जिन्हें सरीला भेजा गया है।
पंकज
