औरैया (हि.स.)। दिबियापुर थाना कंचौसी चौकी क्षेत्र के अंर्तगत गांव लछियामऊ के एक घर से चोरों ने जेवर, नगदी समेत लाखों रुपये का माल पार कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी रफीक पुत्र अजित अली ने बताया कि मंगलवार की रात चोरों ने छत से घर के अंदर घुसकर कमरे की कुंडी काट दी और अंदर रखे बक्से उठा ले गए। उसमें 30 हजार रुपये, दो जोड़ी मंगलसूत्र, तीन सोने की अंगूठी, एक जोड़ी चांदी की पायल, दो जोड़ी चांदी की तोड़िया, पांच चादी सिक्के आदि चोरी कर ले गए।
पीड़ित ने बताया बुधवार को जब उठे तो कमरे की कुंडी टूटी मिली। बक्शे में रखी नकदी, जेवर आदि गायब देख पुलिस को सूचना। पीड़ित ने बताया कि वह ईट भट्टे पर मुनीम का कार्य करता है और बक्शे में मालिक के रुपये रखे थे। वही गांव निवासी आवेश अली पुत्र रियासत अली का चोरों ने मोबाइल पार कर दिया। मौके पर पहुंचे कंचौसी चौकी इंचार्ज चन्द्रिका प्रसाद ने बताया मामले की जांच की जा रही है। पुलिस की टीम गठित कर जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।
कंचौसी गांव में इन दिनों चोरी की घटनाएं बढ़ गई हैं। दो सप्ताह पूर्व भी कंचौसी गांव में चोरों ने लाखों रुपये का माल पार किया था और पिछले माह बिहारीपुर व ढिकियापुर गांव के कई घरों में चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम देकर जेवर सहित नकदी पार कर दिए थे। आए दिन हो रही चोरी की घटनाओं से कस्बा व ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल है।
