कानपुर(हि.स.)। लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा में किसानों की मौत के मामले में भारतीय किसान यूनियन किसानों की अस्थि कलश यात्रा पूरे प्रदेश में निकाल रही है। इसी क्रम में गुरुवार को भारतीय किसान यूनियन का एक जत्था सहित किसानों की अस्थि कलश यात्रा लेकर कानपुर पहुंचा।
किसानों ने शहीद किसानों को श्रद्धांजलि देते हुए सरसैय्या घाट में किसानों की अस्थियों को विसर्जित कर किसानों को श्रद्धांजलि दी। अस्थि कलश यात्रा में पहुंचे भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकरियों ने कहा कि जब तक अजय मिश्रा टेनी को बर्खास्त नहीं किया जाता उनका आन्दोलन जारी रहेगा।लखीमपुर हिंसा में मंत्री सहित सभी आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होने तक किसान चुप नहीं बैठेगा। किसानों का अपना आंदोलन लगातार जारी रहेगा। इस दौरान सरसैय्या घाट पर अपनी मांगों के समर्थन में किसानों ने नारेबाजी भी की।
भाकियू के जिलाध्यक्ष रवि प्रताप ने कहा कि किसान अपने हक की लड़ाई लड़ रहा है और सरकार आंदोलन को कुचलने का भरसक प्रयास कर रही है। कानपुर मंडल प्रभारी चौधरी करवा सिंह ने कहा कि सरकार जब तक कृषि कानूनों को वापस नहीं लेगी तब तक देश का किसान शांत नहीं बैठेगा।
