– सपा, कांग्रेस,आप व प्रगतिशील समाजवादी पार्टी ने किया प्रदर्शन
झांसी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में रविवार को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के दौरे को लेकर किसानों के विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा में 09 लोगों की मौत हो गयी। इनमें 04 किसान, 04 भाजपाई व एक पत्रकार शामिल बताये जा रहे हैं। किसानों से मिलने लखीमपुर खीरी जा रहीं प्रियंका गांधी वाड्रा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। वहीं दूसरी ओर अखिलेश यादव को हॉउस अरेस्ट कर लिया गया। अखिलेश यादव की हाउस अरेस्टिंग के बाद झांसी में सपा, कांग्रेस, आप व प्रगतिशील समाजवादी पार्टी ने जमकर प्रदर्शन किया।
पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. चन्द्रपाल सिंह यादव व पूर्व गरौठा विधायक दीप नारायण सिंह के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी के दर्जनों कार्यकर्ता नगर के चर्चित चौराहे इलाइट पर धरने पर बैठ गए। समाजवादियों ने सरकार विरोधी नारे लगाते हुए प्रदेश सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया। हालांकि पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया। इस अवसर पर चंद्र प्रकाश मिश्रा आदि उपस्थित रहें।
वहीं, कलेक्ट्रट के समीप गांधी जी की मूर्ति के सामने मप्र के राष्ट्रीय सचिव सुधांशु त्रिपाठी, पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य व महानगर अध्यक्ष अरविंद वशिष्ठ के साथ मौन प्रदर्शन करते नजर आए। उन्होंने हाथों में तख्तियां लिए नजर आए। तख्तियों में लिखा था, मौन सबसे सशक्त भाषण है, धीरे धीरे दुनिया आपको सुनेगी। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने भाजपा को तालिबानी सरकार की संज्ञा देते हुए उसे उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया। इस अवसर पर उनके साथ प्रदेश महासचिव राहुल रिछारिया समेत दर्जन भर से अधिक कांग्रेसी उपस्थित रहे।
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में दर्जन भर कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया। इस अवसर पर स्वदेश यादव समेत तमाम लोग उपस्थित रहे। बाद में पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर जेल भेज दिया।
उधर, आम आदमी पार्टी ने भी जिला अध्यक्ष कैलाश कुशवाहा व इरशाद खान के नेतृत्व में किसानों के परिजनों को मुआवजा व आरोपितों के खिला कठोर कार्रवाई करने की मांग करते हुए ज्ञापन दिया। इस अवसर पर अनिरुद्ध सिंह व सरदार आदि उपस्थित रहे।
