मेरठ (हि.स.)। लखीमपुर कांड के विरोध में भारतीय किसान यूनियन तोमर गुट ने बुधवार को पश्चिम उप्र के जिलों में हाईवे पर धरना देकर चक्का जाम कर दिया। भाकियू कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी को बर्खास्त करने की मांग की।
मेरठ जनपद में बुधवार को भाकियू तोमर गुट के बैनरतले किसानों ने मवाना खुर्द स्थित पुलिस चौकी के पास सड़क जाम करके प्रदर्शन किया। किसानों ने ट्रैक्टर-ट्रालियों में आकर मवाना खुर्द में धरना शुरू कर दिया। इससे मेरठ-बिजनौर मार्ग पर जाम लग गया। किसानों ने कहा कि लखीमपुर कांड के विरोध में किसान आंदोलन कर रहे हैं। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा को बर्खास्त किया जाए। इस अवसर पर राजवीर, सचिन, गुरमीत, वीरपाल, इंद्रजीत, ब्रजमोहन, जयकुमार, सुधीर, अजय, सुबोध आदि मौजूद रहे।
मुजफ्फरनगर जनपद के छपार में भाकियू तोमर गुट के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव तोमर के नेतृत्व में किसानों ने हाईवे पर धरना दिया। उनके चक्का जाम से हाईवे पर वाहनों की लम्बी कतार लग गई। उन्होंने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री को बर्खास्त करने की मांग की। सहारनपुर के छुटमलपुर में भाकियू तोमर के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर जाम लगाया। उन्होंने लखीमपुर में मृत किसानों को शहीद का दर्जा देने की मांग उठाई। इस अवसर पर राजवीर सिंह, अब्दुल, शहजाद, पवन त्यागी, अजय त्यागी आदि उपस्थित रहे। इसी तरह से बागपत जनपद में सरूरपुर खेड़की में दिल्ली-यमुनोत्री मार्ग पर किसानों ने धरना दिया। इससे मार्ग पर जाम लग गया। इस अवसर पर संजय सिंह, सुमित, अजय, राकेश, बिरजू आदि उपस्थित रहे।
