Tuesday, March 3, 2026
Homeमंडललखनऊ मंडललखनऊ : 100 करोड़ की बहुमंजिला इमारत जमींदोज -बसपा के पूर्व सांसद...

लखनऊ : 100 करोड़ की बहुमंजिला इमारत जमींदोज -बसपा के पूर्व सांसद दाऊद अहमद पर कसा शिकंजा

लखनऊ। लगातार नोटिस के बावजूद बसपा के पूर्व सांसद दाऊद अहमद ने लखनऊ स्थित अवैध निर्माण नहीं गिरवाया था। अब इस अवैध निर्माण पर जिला प्रशासन का हथौड़ा चला है। दाऊद अहमद की 100 करोड़ की लागत से बन रही बहुमंजिला इमारत पर लखनऊ जिला प्रशासन ने रविवार सुबह कार्रवाई करते हुए उसे जमींदोज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक रिवर बैंक कॉलोनी में यह अवैध निर्माण चल रहा था। फ़िलहाल मौके पर लखनऊ जिला प्रशासन की टीम व पुलिस मुस्तैद है। गौरतलब है कि योगी सरकार में अवैध निर्माण और माफियाओं के खिलाफ एक्शन जारी है। मुख़्तार, अंसारी, अतीक अहमद और विजय मिश्रा जैसे बाहुबलियों की करोड़ों की सम्पत्ति को जब्त करने के साथ ही अवैध निर्माण को ध्वस्त किया जा चुका है।
दरअसल, पूर्व सांसद अहमद ने बहुमंजिली इमारत में दर्जनों फ्लैट बना दिए थे। इसको लेकर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग ने घोर आपत्ति जताई थी। जिसके बाद दाऊद अहमद हाईकोर्ट भी गए थे, लेकिन कोई राहत न मिलने और नोटिस के खिलाफ कार्रवाई न करने पर धवस्तिकरण की कार्रवाई शुरू की गई। इससे पहले दाऊद ने हजरतगंज स्थित अपने शॉपिंग काम्प्लेक्स को खुद ही ढहा दिया था। दरअसल, इस शॉपिंग काम्प्लेक्स के लिए चार मंजिल का ही नक्शा पास था, लेकिन दाऊद अहमद ने पांचवीं मंजिल का निर्माण करवा दिया। जिसके बाद लखनऊ विकास प्राधिकरण ने बिल्डिंग को सील करते हुए नोटिस जारी किया था। जिसके बाद उन्होंने पांचवीं मंजिल को तुड़वा दिया था। दाऊद अहमद बहुजन समाज पार्टी के कद्दावर नेताओं में से एक रहे हैं। लेकिन पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त पाए जाने के बाद उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। फिलहाल वे लखनऊ में ही रहते हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular