Friday, January 16, 2026
Homeमंडललखनऊ मंडललखनऊ होगा स्वच्छ, कूड़ा निस्तारण की होगी मुकम्मल व्यवस्था : सुषमा खर्कवाल

लखनऊ होगा स्वच्छ, कूड़ा निस्तारण की होगी मुकम्मल व्यवस्था : सुषमा खर्कवाल

-लखनऊ से भाजपा की महापौर उम्मीदवार से दस सवाल और उनके जवाब

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश नगरीय निकाय चुनाव में लखनऊ नगर निगम के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महापौर उम्मीदवार सुषमा खर्कवाल का कहना है कि महापौर बनते ही लखनऊ को पूर्ण स्वच्छ और सुरक्षित बनाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए वह कूड़ा निस्तारण की माकूल व्यवस्था करेंगी।

चुनाव को लेकर लखनऊ से भाजपा की महापौर उम्मीदवार सुषमा खर्कवाल से दस सवाल किया, जिसका उन्होंने बड़ी ही बेबाकी से जवाब दिया। प्रस्तुत हैं भाजपा उम्मीदवार से पूछे गये सवाल और उनके जवाब –

सवाल : जनता आप को ही महापौर क्यों चुने ?

जवाब : आपने देखा भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश कैसे माफियाराज से मुक्त हुआ। डबल इंजन सरकार में उप्र विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। विकास की रफ्तार और तीव्र हो इसके लिए जरूरत है ट्रिपल इंजन सरकार की। मेरी लोगों से अपील है कि वे शहरों में भी भाजपा की सरकार बनाएं।

सवाल : क्या आपको ब्राह्मण होने के नाते भाजपा का टिकट मिला ?

जवाब : देखिए हर राजनीतिक दल तमाम समीकरणों को ध्यान में रखकर जिताऊ उम्मीदवार ही चुनाव मैदान में उतारता है। भाजपा ने मेरा चयन मेरी मेरिट पर किया है, न कि जाति के आधार पर।

सवाल : अगर आप महापौर बनती हैं तो कौन वे फैसले होंगे जिन्हें आप प्राथमिकता देना पसंद करेंगी ?

जवाब : मेरी प्राथमिकता स्वच्छ व सुरक्षित लखनऊ है। कूड़े के निस्तारण व महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों को मैं वरीयता देना चाहूंगी।

सवाल : महापौर के लिए अपर्णा यादव का नाम बड़े जोर से चल रहा था, पार्टी ने आप पर भरोसा किया, इसकी वजह ?

जवाब : देखिए मीडिया में क्या चल जाता है वह एक अलग विषय है, भाजपा की बात करूं तो ये देश का एकमात्र दल है जिससे मोदी जी, योगी जी जैसे बेहद सामान्य परिवारों से आने वाले लोग, जिनका दूर-दूर तक कोई पॉलिटिकल बैकग्राउंड नहीं है, वे प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री बन जाते हैं, तो आज मुझ जैसे कार्यकर्ता को मौका मिलने पर आपको आश्चर्य नहीं होना चाहिए।

सवाल : अभी तक मुसलमानों से परहेज करने वाली भाजपा ने नगरीय निकाय चुनाव में बड़ी तादाद में मुस्लिमों को टिकट दिया ?, यह संयोग है या कोई नया प्रयोग ?

जवाब : भाजपा धर्म या जाति देखकर टिकट नहीं बांटती। टिकट वितरण का आधार उम्मीदवार के जीतने की प्राथमिकता होती है।

सवाल : पसमांदा समाज को साथ लाने में अगर भाजपा सफल होती है तो मुसलमानों के अन्य किस वर्ग को पार्टी लुभाने का प्रयास करेगी ?

जवाब : देखिए, भाजपा सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास के मंत्र पर चलने वाली पार्टी है। जो भी वर्ग अभी तक हाशिये पर रहा उसे सामाजिक प्रतिनिधित्व देकर विकास की धारा में जोड़ने का काम हमारी पार्टी कर रही है।

सवाल : राजनीतिक दलों में महिलाओं का प्रतिनिधित्व कम क्यों है ?

जवाब : ये बात सही है कि राजनीतिक दलों में महिलाओं का प्रतिनिधित्व कम रहा है, लेकिन बीते कुछ वर्षों में महिलाओं की राजनीति में भागीदारी बढ़ी है। मुझे विश्वास है कि आने वाले कुछ वर्षों में ये ग्राफ और ऊंचा होगा।

सवाल : अन्य दलों की अपेक्षा भाजपा में महिलाओं की स्थिति कैसी है ?

जवाब : भाजपा में महिलाओं का विशेष सम्मान है। बाकी दलों का क्या है किसी से छिपा नहीं। कैसे सार्वजनिक मंचों से सुनने को मिला “भइया से शिकायत कर दूंगी“,। जहां एक पार्टी सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री की पत्नी तक सुरक्षित नहीं हैं उस दल में किसी सामान्य महिला को कितना सम्मान मिलेगा, स्वतः स्पष्ट है।

सवाल : महिला सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाना चाहेंगी ?

जवाब : योगी सरकार में महिला सुरक्षा की दिशा में तमाम कदम उठाए गए है। मसलन मिशन शक्ति, एंटी रोमियो, सीसीटीवी निगरानी व पिंक टॉयलेट जैसे तमाम फैसलों को और बेहतर तरीके से जमीन पर उतारने का प्रयास करूंगी।

सवाल : राजनीति में आने का उद्देश्य ?

जवाब : राजनीति मेरे लिए एक सेवा है। अपने 30 साल के राजनीतिक करियर में कभी पद की लालसा में कोई काम नहीं किया। पार्टी ने जो दायित्व दिया उसे बखूबी निभाया। आगे भी जनहित व देशहित में काम करती रहूंगी।

पीएन द्विवेदी/राजेश तिवारी

RELATED ARTICLES

Most Popular