Sunday, March 22, 2026
Homeअन्यलखनऊ होकर 29 अगस्त से चलेगी आनंद विहार-नाहरलागुन स्पेशल ट्रेन

लखनऊ होकर 29 अगस्त से चलेगी आनंद विहार-नाहरलागुन स्पेशल ट्रेन

-आनंद विहार-नाहरलागुन एसी एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन के संचालन का शेड्यूल जारी

-कोविड-19 की वजह से करीब डेढ़ साल से बंद है इस ट्रेन का संचालन

लखनऊ (हि.स.)। रेलवे प्रशासन 04076 आनंद विहार-नाहरलागुन एसी सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन का संचालन लखनऊ होकर 29 अगस्त से अगले आदेश तक प्रत्येक गुरुवार और रविवार को करेगा। इस ट्रेन के संचालन का आदेश रेलवे बोर्ड ने जारी कर दिया।

रेलवे प्रशासन के मुताबिक, 04076 आनंद विहार-नाहरलागुन एसी सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन का संचालन लखनऊ होकर 29 अगस्त से प्रत्येक गुरुवार और रविवार को किया जाएगा। यह स्पेशल ट्रेन आनंद विहार टर्मिनस से शाम 4:45 बजे चलकर कानपुर सेंट्रल से रात 9:35 बजे होते हुए लखनऊ रात 11:10 बजे पहुंचेगी। ट्रेन लखनऊ से रात 11:20 बजे चलकर, गोरखपुर से सुबह 4:15 बजे, सीवान से 6:05 बजे, छपरा से 7:20 बजे, हाजीपुर से 8:40 बजे, बरौनी से 10:15 बजे, कटिहार से दोपहर 2:25 बजे, न्यू जलपाईगुड़ी से शाम 6:15 बजे, न्यू कूचबिहार से रात 8:07 बजे, न्यू बोगाईगांव से 10:05 बजे होते हुए रंगिया से 12:15 बजे, उदलागुड़ी से 1:03 बजे, रंगापाड़ा नार्थ से 2:45 बजे तथा हरमुती से तीसरे दिन सुबह 5:15 बजे होकर नाहरलागुन सुबह 6:40 बजे पहुंचेगी।

इसी तरह से वापसी में 04075 नाहरलागुन-आनंद विहार एसी सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन 31 अगस्त से अगले आदेश तक प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को नाहरलागुन से रात 9:50 बजे चलेगी। यह ट्रेन तीसरे दिन लखनऊ से सुबह 4:20 बजे, कानपुर सेंट्रल से 6:15 बजे छूटकर आनंद विहार 11:30 बजे पहुंचेगी। ट्रेन में अप-डाउन दोनों तरफ एसी थर्ड की 11, एसी पेन्ट्रीकार की एक, एसी सेकेंड की पांच, एसी फर्स्ट की एक और जनरेटर पावर कार की दो बोगियां लगेंगी। ट्रेन के सभी कोच आरक्षित श्रेणी के होंगे। इसमें कन्फर्म टिकट पर ही यात्री सफर कर सकेंगे। यात्रियों के लिए कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करना अनिवार्य है। यह ट्रेन राजधानी एक्सप्रेस की तरह एसी बोगियों वाली सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन है। पूर्वोत्तर राज्यों की तरफ जाने वाली इस ट्रेन का संचालन कोविड-19 की वजह से करीब डेढ़ साल नहीं हो रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular