लखनऊ (हि.स.)। रेलवे प्रशासन ने दीपावली और छठ पर्व पर होने वाली भीड़ को देखते हुए अप-डाउन में 04040/04039 नई दिल्ली-बरौनी-नई दिल्ली स्पेशल ट्रेन के संचालन का शेड्यूल जारी कर दिया है। नई दिल्ली-बरौनी स्पेशल ट्रेन (04040) का संचालन लखनऊ होकर 18 अक्टूबर से 11 नवम्बर तक प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को किया जाएगा। इससे आने वाले त्योहारों पर यात्रियों को राहत मिलेगी।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी पंकज कुमार ने शुक्रवार को बताया कि नई दिल्ली-बरौनी स्पेशल ट्रेन (04040) का संचालन लखनऊ होकर 18 अक्टूबर से 11 नवम्बर तक प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को किया जाएगा। यह स्पेशल ट्रेन प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को नई दिल्ली स्टेशन से शाम 07:25 बजे प्रस्थान कर दूसरे दिन लखनऊ से सुबह 03:40 बजे छूटकर गोरखपुर से 09:15 बजे होते हुए 1,090 किलोमीटर की दूरी तय करके शाम 04 बजे बरौनी स्टेशन पर पहुंचेगी।
इसी तरह से वापसी में 04039 बरौनी-नई दिल्ली स्पेशल ट्रेन का संचालन 19 अक्टूबर से 12 नवम्बर तक प्रत्येक बुधवार एवं शनिवार को किया जाएगा। यह स्पेशल ट्रेन बरौनी जंक्शन से प्रत्येक बुधवार और शनिवार को रात 07:40 बजे प्रस्थान कर गोरखपुर से रात 01:30 बजे होते हुए लखनऊ से दूसरे दिन सुबह 08:05 बजे छूटकर 1,090 किलोमीटर की दूरी तय करके शाम 04:40 बजे नई दिल्ली स्टेशन पर पहुंचेगी।
उन्होंने बताया कि नई दिल्ली-बरौनी-नई दिल्ली स्पेशल ट्रेन का ठहराव अप-डाउन दोनों तरफ मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, गोरखपुर, सिवान, छपरा और हाजीपुर स्टेशनों पर होगा। इस स्पेशल ट्रेन का संचालन अप-डाउन में शुरू होने से यात्रियों को दीपावली और छठ पर्व पर आवागमन करने में सहूलियत मिलेगी।
दीपक
