लखनऊ (हि.स.)। रेलवे प्रशासन ने होली के त्योहार पर लखनऊ से चलने और गुजरने वाली सभी नियमित ट्रेनों में होने वाली भीड़ को देखते हुए मार्च महीने से कई स्पेशल ट्रेनों के संचालन की तैयारियां शुरू कर दी है। इसके अलावा कोहरे के कारण 28 फरवरी तक निरस्त ट्रेनों को पहली मार्च से चलाने की तैयारियां भी चल रही हैं।
उत्तर और पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने होली के त्योहार पर किन-किन रूटों पर यात्रियों की संख्या बढ़ सकती है, इसका आकलन करना शुरू कर दिया है। साथ ही पिछले साल किन रूटों पर स्पेशल ट्रेनें चलायी गईं थीं, इसका भी अध्ययन किया जा रहा है। इसी के आधार पर मार्च महीने में होली स्पेशल ट्रेनों का चलाया जाना प्रस्तावित है। फिलहाल लखनऊ होकर दिल्ली, अमृतसर, जम्मूतवी, चंडीगढ़, गोरखपुर, सहरसा, हावड़ा और वाराणसी आदि स्थानों के लिए स्पेशल ट्रेनों के संचालन की तैयारियां शुरू हो गईं हैं।
लखनऊ मंडल के एक वरिष्ठ रेलवे अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि होली के त्योहार पर लखनऊ से चलने और गुजरने वाली सभी नियमित ट्रेनों में सीटें फुल हो गईं हैं। होली के त्योहार पर यात्रियों को राहत देने के लिए मार्च महीने के पहले सप्ताह से स्पेशल ट्रेनों के संचालन की तैयारियां शुरू कर दी गईं हैं। अधिक भीड़ वाले रूटों का आकलन किया जा रहा है। इस बार होली का त्योहार 18 मार्च को है।
दीपक
