लखनऊ (हि.स.)। पूर्वोत्तर रेलवे ने लखनऊ होकर गोरखपुर से दिल्ली जाने वाली हमसफर एक्सप्रेस में कोच बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। रेलवे की वाणिज्य विभाग की टीम ने हमसफर एक्सप्रेस में 20 की जगह अब 24 कोच लगाने का प्रस्ताव भेजा है।
लखनऊ मंडल के एक वरिष्ठ रेलवे अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि गोरखपुर से दिल्ली जाने वाली एकमात्र वातानुकूलित हमसफर एक्सप्रेस को 24 कोच के साथ चलाने की तैयारी चल रही है। इस संबंध में वाणिज्य विभाग ने यात्रियों की मांग को देखते हुए परिचालन विभाग को प्रस्ताव भेज दिया है। जल्द ही इस पर मंजूरी मिलने की उम्मीद है। हमसफर एक्सप्रेस में अभी 20 कोच लग रहे हैं। मंजूरी के बाद इसमें अतिरिक्त कोच के लगने से एक साथ 240 सीटें बढ़ जाएंगी। सीटें बढ़ने से यात्रियों को वेटिंग से राहत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि गोरखपुर से अप-डाउन में लखनऊ होकर चलने वाली 15067/15068 गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस में छह जुलाई से साधारण द्वितीय श्रेणी के 04, शयनयान श्रेणी के 06, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के 08, वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के 02, एलएसएलआरडी और जनरेटर सह लगेज यान के एक-एक कोच सहित 22 बोगियां लगाई जा रही हैं। इसके अलावा गोरखपुर और बनारस आदि स्टेशनों से लखनऊ होकर चलने वाली कई ट्रेनों में वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के एक से दो स्थायी कोच लगाए जाएंगे। इससे यात्रियों को वेटिंग से राहत मिलेगी।
दीपक
