-आनन्द विहार- मुजफ्फरपुर स्पेशल ट्रेन भी लखनऊ होकर
लखनऊ (हि.स.)। रेलवे प्रशासन दशहरा, दीपावली और छठ पर्व पर यात्रियों की सुविधा के लिए लखनऊ होकर गोरखपुर-चंडीगढ़-गोरखपुर पूजा स्पेशल ट्रेन का संचालन 14 अक्टूबर से 18 नवम्बर तक करेगा। ट्रेन का संचालन छह फेरों में करने का शेड्यूल शुक्रवार को जारी कर दिया गया है।
रेलवे प्रशासन के मुताबिक, यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे बोर्ड ने 01656/01655 गोरखपुर-चंडीगढ़-गोरखपुर पूजा स्पेशल ट्रेन के संचालन को मंजूरी दे दी है। इस ट्रेन के 14 अक्टूबर से 18 नवम्बर तक छह फेरों में चलाने का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। 01656 चंडीगढ़-गोरखपुर साप्ताहिक पूजा स्पेशल ट्रेन प्रत्येक गुरुवार को चंडीगढ़ से रात 11:15 बजे प्रस्थान कर अगले दिन दोपहर 12 बजे लखनऊ होते हुए गोरखपुर शाम 6:20 बजे पहुंचेगी। वापसी में 01655 गोरखपुर-चंडीगढ़ पूजा स्पेशल ट्रेन 15 अक्टूबर से 19 नवम्बर तक प्रत्येक शुक्रवार को गोरखपुर से रात 10:10 बजे प्रस्थान कर तड़के 03:20 बजे लखनऊ होते हुए चंडीगढ़ दोपहर 2:10 बजे पहुंचेगी।
इसी तरह से लखनऊ होकर 01676 आनन्द विहार टर्मिनस-मुजफ्फरपुर द्विसाप्ताहिक पूजा स्पेशल ट्रेन आनंद विहार से 11 अक्टूबर से 17 नवम्बर तक चलाई जाएगी। यह स्पेशल ट्रेन प्रत्येक सोमवार एवं बुधवार को रात 10:50 बजे रवाना होकर लखनऊ से अगले दिन सुबह 9:40 बजे होते हुए रात 10 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी । वापसी में 01675 मुजफ्फरपुर-आनन्द विहार टर्मिनस द्विसाप्ताहिक पूजा स्पेशल ट्रेन मुजफ्फरपुर से 12 अक्टूबर से 18 नवम्बर तक चलाई जाएगी। यह स्पेशल ट्रेन प्रत्येक मंगलवार एवं गुरुवार को रात 11:45 बजे प्रस्थान करेगी। ट्रेन अगले दिन दोपहर 12 बजे लखनऊ होते हुए आनन्द विहार टर्मिनस पर रात 11:30 बजे पहुंचेगी।
