Thursday, April 2, 2026
Homeअन्यलखनऊ होकर चलने वाली हावड़ा-योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस 21 जून से निरस्त

लखनऊ होकर चलने वाली हावड़ा-योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस 21 जून से निरस्त

लखनऊ(हि.स.)। रेलवे लखनऊ मंडल में खेतासराय, मेहरावां और महगांवा स्टेशन के बीच बाराबंकी-अयोध्या कैंट, अकबरपुर-जफराबाद रेलखंड पर 24 जून से 03 जुलाई तक रेल लाइन के दोहरीकरण का कार्य करेगा। इसके चलते लखनऊ होकर चलने वाली 13009 हावड़ा-योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस को 21 जून से 02 जुलाई तक और छपरा–दिल्ली एक्सप्रेस 25 जून और 02 जुलाई को निरस्त रहेंगी। इसके अलावा कई और ट्रेनों का संचालन प्रभावित भी रहेगा।

रेलवे प्रशासन के मुताबिक, लखनऊ मंडल में खेतासराय, मेहरावां और महगांवा स्टेशन के बीच बाराबंकी-अयोध्या कैंट, अकबरपुर-जफराबाद रेलखंड पर 24 जून से 03 जुलाई तक रेल लाइन के दोहरीकरण का कार्य होने जा रहा है। इसके चलते लखनऊ होकर चलने वाली 13009 हावड़ा-योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस को 21 जून से 02 जुलाई तक हावड़ा से निरस्त कर दिया गया है, जबकि 13010 योगनगरी ऋषिकेश-हावड़ा एक्सप्रेस को 23 जून से 04 जुलाई तक योगनगरी ऋषिकेश से निरस्त कर दिया गया है। 18103 टाटानगर-अमृतसर एक्सप्रेस को 22 जून से 27 जून तक और 18104 अमृतसर-टाटानगर एक्सप्रेस को 24 से 29 जून तक निरस्त किया गया है। इसी ट्रेन को एक जुलाई को अमृतसर से निरस्त कर दिया गया है।

इसी तरह से लखनऊ होकर चलने वाली 15115 छपरा-दिल्ली एक्सप्रेस छपरा से 25 जून एवं 02 जुलाई निरस्त रहेगी,जबकि दिल्ली से 26 जून एवं 03 जुलाई को चलने वाली 15116 दिल्ली-छपरा एक्सप्रेस निरस्त रहेगी। रक्सौल-आनंद विहार टर्मिनस एक्सप्रेस 23 और 30 जून को रक्सौल से निरस्त रहेगी। आनन्द विहार टर्मिनस- रक्सौल एक्सप्रेस 22 और 29 जून को आनन्द विहार टर्मिनस से निरस्त रहेगी। वाराणसी-बरेली 24 जून से 02 जुलाई तक वाराणसी से निरस्त रहेगी। बरेली-वाराणसी 25 जून से 03 जुलाई तक बरेली से निरस्त रहेगी।

अमृतसर-न्यू तिनसुकिया एक्सप्रेस को 24 जून और एक जुलाई को लखनऊ-अयोध्या कैंट-अकबरपुर की जगह परिवर्तित मार्ग लखनऊ-प्रतापगढ़-वाराणसी होकर चलाया जायेगा। लोकमान्य तिलक टर्मिनस से 24, 26, 27, 29 जून एवं 01 जुलाई को चलने वाली 11055 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग प्रयागराज-प्रयागराज रामबाग-बनारस-वाराणसी जंक्शन-वाराणसी सिटी-गोरखपुर के रास्ते चलायी जाएगी। गोरखपुर से 24, 26, 28, 29 जून एवं 01, तथा 03 जुलाई को चलने वाली 11056 गोरखपुर -लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग गोरखपुर-वाराणसी सिटी-वाराणसी जंक्शन- बनारस-प्रयागराज रामबाग-प्रयागराज के रास्ते चलाई जाएगी।

पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि बाराबंकी-अयोध्या कैंट-अकबरपुर-जफराबाद रेल खंड पर दोहरीकरण कार्य के चलते कई ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी। उन्होंने बताया कि लखनऊ होकर चलने वाली छपरा-दिल्ली-छपरा एक्सप्रेस को दोनों दिशाओं में निरस्त करने का निर्णय लिया गया है। साथ ही कई ट्रेनों का मार्ग परिवर्तन भी किया गया है। इससे यात्रियों को दिक्कतें हो सकती हैं।

दीपक/मुकुंद

RELATED ARTICLES

Most Popular