लखनऊ (हि.स.)। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए लखनऊ होकर चलने वाली 09184 बनारस-मुम्बई सेंट्रल सहित कई ट्रेनों के फेरे बढ़ा दिए हैं। इससे यात्रियों को राहत मिलेगी।
रेलवे प्रशासन के मुताबिक, यात्रियों की भीड़ को देखते हुए मुम्बई सेंट्रल-बनारस-मुम्बई सेंट्रल (09183-84) साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के फेरे 17 जून तक बढ़ा दिए गए हैं। बांद्रा टर्मिनस-इज्जतनगर द्विसाप्ताहिक विशेष ट्रेन (09005) का संचालन 17 जून तक किया जाना था। यह ट्रेन अब 19, 24 एवं 26 जून को तीन अतिरिक्त फेरों के लिए चलाई जाएगी, जबकि इज्जतनगर-बांद्रा टर्मिनस द्विसाप्ताहिक विशेष ट्रेन (09006) का संचालन 18 जून तक किया जाना था। यह ट्रेन अब 20, 25 एवं 27 जून को तीन अतिरिक्त फेरों के लिए चलाई जाएगी।
इसी तरह से मुम्बई सेंट्रल-काठगोदाम स्पेशल ट्रेन (09075) का संचालन 15 जून तक किया जाना था। यह ट्रेन अब 22 एवं 29 जून को दो अतिरिक्त फेरों के लिए चलाई जाएगी। काठगोदाम-मुम्बई सेंट्रल स्पेशल ट्रेन (09076) का संचालन 16 जून तक किया जाना था जो अब 23 एवं 30 जून को दो अतिरिक्त फेरों के लिए चलाई जाएगी।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी पंकज कुमार का कहना है कि यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए इन स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़ाए गए हैं। इससे गर्मी के मौसम में यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
दीपक
