लखनऊ (हि.स.)। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की मांग को देखते हुए लखनऊ होकर चलने वाली 05301 गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन के फेरे आठ अक्टूबर से बढ़ा दिया है। इससे यात्रियों को वेटिंग से राहत मिलेगी। इसके पहले भी इस स्पेशल ट्रेन के फेरे बढ़ाए जा चुके हैं।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार ने सोमवार को बताया कि लखनऊ होकर चलने वाली 05301 गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन के फेरे आठ अक्टूबर से बढ़ा दिए गए हैं। यह स्पेशल ट्रेन अब 08 और 15 अक्टूबर को बढ़े हुए अतिरिक्त फेरे के लिए चलाई जाएगी।
इसी तरह से वापसी में लखनऊ होकर चलने वाली 05302 बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन के फेरे नौ अक्टूबर से बढ़ा दिए गए हैं। यह स्पेशल ट्रेन बढ़े हुए अतिरिक्त फेरे के लिए 09 और 16 अक्टूबर को चलाई जाएगी। इससे यात्रियों को वेटिंग से राहत मिलेगी।
अप-डाउन दोनों तरफ की स्पेशल ट्रेनें पूर्व निर्धारित समय, मार्ग, ठहराव और रेक संरचना के आधार पर ही चलाई जाएंगी। ट्रेन के सभी कोच आरक्षित श्रेणी के होंगे। इसमें कन्फर्म टिकट पर ही यात्री सफर कर सकेंगे। यात्रियों के लिए कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करना अनिवार्य है।
