लखनऊ (हि.स.)। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की भीड़ को देखते हुए लखनऊ होकर मुम्बई जाने वाली 05301/05302 गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेन के फेरे अप-डाउन में बढ़ा दिए हैं। इससे यात्रियों को वेटिंग से राहत मिलेगी।
मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी (सीपीआरओ) पंकज कुमार ने शनिवार को बताया कि यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने लखनऊ होकर चलने वाली 05301 गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेन के फेरे 27 अगस्त, 03 सितम्बर और 10 सितम्बर को बढ़ा दिया है।
इसी तरह से लखनऊ होकर चलने वाली 05302 बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर ग्रीष्मकालीन अब 28 अगस्त, 04 सितम्बर और 11 सितम्बर को बढ़े हुए फेरों के लिए चलाई जाएगी। इस स्पेशल ट्रेन के सभी कोच आरक्षित श्रेणी के होंगे। इसमें कन्फर्म टिकट पर ही यात्री सफर कर सकेंगे। यात्रियों के लिए कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करना अनिवार्य है।
रक्षाबंधन के बाद लखनऊ होकर चलने वाली कई ट्रेनों में सीटें फुल
रक्षाबंधन का त्योहार मनाने के लिए दिल्ली, मुम्बई, पटना आदि शहरों से लोग लखनऊ लौट रहे हैं। रक्षाबंधन के बाद लखनऊ होकर चलने वाली कई ट्रेनों में सीटें फुल हो गई हैं। इसलिए वापस लौटने वालों को अब वेटिंग टिकट मिल रहे हैं।
रेलवे के ऑनलाइन आरक्षण आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली, मुम्बई, पटना, बिहार, पंजाब की ट्रेनों में वेटिंग 180 तक पहुंच गई है। यात्रियों को इन ट्रेनों में कंफर्म टिकट नहीं मिल रहे हैं। ऐसे में यात्रियों को अब तत्काल कोटे के भरोसे ही सफर करना पड़ेगा। सोमवार को लखनऊ से दिल्ली जाने के लिए एसी एक्सप्रेस की थर्ड एसी में वेटिंग 35 से ऊपर पहुंच गई है। सेकेंड एसी में आरएसी चल रही हैं। महामना में करीब 18 वेटिंग, लखनऊ मेल के स्लीपर में 83 वेटिंग है। हालांकि, शताब्दी और तेजस में अभी कंफर्म सीटें मिल रही हैं। मगर मुम्बई के लिए पुष्पक एक्सप्रेस में वेटिंग करीब 133, एसी में 27 और गोरखपुर-एलटीटी के स्लीपर में वेटिंग 121 है। अमृतसर- हावड़ा मेल सहित कोटा-पटना एक्सप्रेस ट्रेनों का भी यही हाल है।
