लखनऊ(हि.स.)। रेलवे प्रशासन ने लखनऊ से चलने और गुजरने वाली वाराणसी-लखनऊ-वाराणसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस और बेगमपुरा एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों के लिए अनारक्षित काउंटर से सामान्य टिकट देना शुरू कर दिया है। इससे कोरोना के पूर्व की स्थिति बहाल होने से यात्रियों को बड़ी राहत मिली है।
रेलवे प्रशासन के मुताबिक, नियमित ट्रेनों में धीरे-धीरे कोरोना संक्रमण से पहले की तरह अनारक्षित काउंटर से सामान्य टिकट बुकिंग शुरू की जा रही है। लखनऊ से अप-डाउन में चलने और गुजरने वाली 20401 वाराणसी-लखनऊ-वाराणसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस, 12237 बेगमपुरा एक्सप्रेस,14219 वाराणसी-लखनऊ-वाराणसी इंटरसिटी एक्सप्रेस, बरेली-वाराणसी-बरेली एक्सप्रेस और जनता एक्सप्रेस में अनारक्षित काउंटर से सामान्य टिकट बुकिंग शुरू हो गई है।
इसी तरह से 15007 वाराणसी-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस,15053 छपरा-लखनऊ एक्सप्रेस और 15103 गोरखपुर-बनारस इंटरसिटी एक्सप्रेस, वाराणसी-सुल्तानपुर स्पेशल ट्रेन, 05437 गाजीपुर सिटी-प्रयागराज संगम एक्सप्रेस, 05446 वाराणसी-छपरा एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में अनारक्षित काउंटर से सामान्य टिकट मिल रहे हैं।
दरअसल, कोरोना काल में रेलवे प्रशासन की ओर से नियमों में बदलाव के साथ संक्रमण की रोकथाम के लिए कई पाबंदियां लगाई गईं थीं। इससे ट्रेनों में अनारक्षित काउंटर से सामान्य टिकट मिलने बंद हो गए थे। जनरल बोगियों में यात्रियों को ऑनलाइन या आरक्षण काउंटर से टिकट बुक कराना पड़ रहा था। इससे यात्रियों को तत्काल यात्रा करने में दिक्कतें होती थीं।
दीपक
