-दिल्ली से लखनऊ आने के लिए दो और तीन नवम्बर को ट्रेनों की सबसे अधिक मांग
-दिल्ली के यात्रियों को दो और तीन नवम्बर को स्पेशल ट्रेनों से लखनऊ लाने के लिए रेलवे बोर्ड को भेजा गया प्रस्ताव
लखनऊ (हि.स.)। उत्तर रेलवे का लखनऊ मंडल प्रशासन दीपावली पर लखनऊ से नई दिल्ली के बीच दो और स्पेशल ट्रेनों के संचालन की तैयारी कर रहा है। इसके लिए रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेजा गया है। फिलहाल दोनों ट्रेनों के संचालन की अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
उत्तर रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को बताया कि लखनऊ मंडल प्रशासन ने दीपावली के त्योहार से ठीक पहले दो और स्पेशल के संचालन की तैयारी कर रहा है। दोनों ट्रेनें लखनऊ से नई दिल्ली के बीच चलाई जाएंगी। लखनऊ मंडल प्रशासन की ओर से इसका प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेज दिया गया है। बोर्ड की तरफ से ट्रेनों के संचालन की मंजूरी जल्द ही मिलने की उम्मीद है।
बताया कि दीपावली का त्योहार चार नवम्बर को है। ऐसे में दिल्ली और एनसीआर में रहने वाले छात्रों के साथ अन्य लोग भी दीपावली से ठीक पहले अपने घरों को लौटते हैं। दिल्ली से लखनऊ आने वाली लखनऊ मेल,एसी एक्सप्रेस सहित सभी महत्वपूर्ण ट्रेनों में लंबी वेटिंग है। इसीलिए उत्तर रेलवे ने यात्रियों की भीड़ को देखते हुए लखनऊ से आरंभ होने वाली दो और स्पेशल ट्रेनों के संचालन की मांग की है।
इसके अलावा दीपावली के बाद लखनऊ से वापसी के लिए छह और सात नवम्बर को ट्रेनों की सबसे अधिक मांग है। इसको देखते हुए रेलवे ने छह और सात नवम्बर को लखनऊ से नई दिल्ली के लिए एक जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के संचालन की तैयारी शुरू कर दी है। इन ट्रेनों की समय सारिणी के लिए लखनऊ और मुरादाबाद रेल मंडल के अधिकारियों के बीच बातचीत पूरी हो गई है। फिलहाल ट्रेनों के संचालन की घोषणा रेलवे बोर्ड की मंजूरी मिलने के बाद की जाएगी।
