– कोरोना, कोहरा और ठंड की वजह से यात्रियों की संख्या में आई कमी
– लखनऊ से रोजाना 20 प्रतिशत बस सेवाओं का संचालन प्रभावित
लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) की लखनऊ से कई शहरों के लिए चलने वाली बसों में कोरोना, कोहरा और ठंड की वजह से यात्रियों की संख्या में लगातार कमी आ रही है। यात्रियों की कमी के चलते रोजाना करीब 20 प्रतिशत बसों का संचालन प्रभावित हो रहा है। इससे रोडवेज को राजस्व का नुकसान हो रहा है।
परिवहन निगम के अनुसार, लखनऊ क्षेत्र के करीब 1,050 बसों के बेड़े में से 800 बसें ही प्रतिदिन निकल पा रही है। इनमें से कई लग्जरी सेवाएं रोज निरस्त की जा रही हैं। आलमबाग बस टर्मिनल से विभिन्न रूटों पर निकलने वाली तकरीबन सौ सेवाओं पर इसका असर पड़ा है। यही हाल कैसरबाग से जाने वाली बस सेवाओं का भी है।
लखनऊ क्षेत्र से दिल्ली, गोरखपुर, प्रयागराज, बरेली, वाराणसी, मुरादाबाद और आगरा सहित कई अन्य शहरों के लिए चलने वाली बसों में यात्रियों की संख्या में लगातार कमी आ रही है। कोरोना संक्रमण बढ़ने, कोहरा और ठंड की वजह से करीब दो सौ बस सेवाओं पर ब्रेक लग गया है। यात्रियों की कमी से करीब दर्जनभर रूटाें पर अक्सर बसें निरस्त की जा रही हैं।
यात्रियों की कमी के चलते लखनऊ से आठ शहरों के लिए चलने वाली नॉन-स्टॉप बसों को शहर के अंदर से संचालित कर रहा है। साथ ही नॉन-स्टॉप बसों को हर स्टॉपेज पर रोका जा रहा है। ताकि फुटकर सवारियों को लखनऊ से कानपुर, अयोध्या, झांसी, बलरामपुर, लखीमपुर, हरदोई, गोरखपुर, वाराणसी, बरेली समेत कई रूटों पर आने-जाने में दिक्कतें न होने पाए।
परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक पल्लव बोस का कहना है कि यात्रियों के अभाव में रोजाना करीब 20 प्रतिशत बस सेवाओं का संचालन प्रभावित हो रहा है। इससे रोडवेज को राजस्व का नुकसान हो रहा है। यात्रियों की कमी के चलते लखनऊ से आठ शहरों के लिए चलने वाली नॉन-स्टॉप बसों को शहर के अंदर से संचालित किया जा रहा है।
दीपक
