लखनऊ (हि.स.)। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) लखनऊ के गोमतीनगर इलाके में छापेमारी की कार्रवाई कर रही है। लखनऊ के अलावा अयोध्या, प्रतापगढ़, बरेली और लखीमपुर खीरी में टीम पहुंची है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार लॉरेंस विश्नोई ग्रुप से जुड़े सुपारी किलर विकास सिंह की तलाश में एनआईए ने बुधवार की सुबह पांच बजे के करीब लखनऊ में छापेमारी की। गोमतीनगर के पार्क व्यू अपार्टमेंट में विकास रह रहा था। उस पर ड्रग और हथियार सप्लाई के साथ सुपारी लेने का आरोप है।
सूत्रों की मानें तो मूलरूप से अयोध्या का रहने वाला विकास की तलाश में एनआईए अयोध्या भी पहुंची है। लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो पा रही है। लखनऊ के अलावा एनआईए ने प्रदेश के अन्य जिलों में भी छापेमारी की कार्रवाई की है।
एनआईए की यह कार्रवाई आज आतंकवाद, नशीले पदार्थों की तस्करी और गैंगस्टर गठजोड़ के खिलाफ उत्तर प्रदेश, उत्तराखंण्ड, जम्मू कश्मीर, मध्यप्रदेश, पंजाब सहित कई राज्यों में छापेमारी चल रही है। हालांकि अभी तक इसको लेकर कोई भी अधिकारी जानकारी नहीं दे पा रहे हैं।
दीपक//राजेश
