Sunday, December 14, 2025
Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ : सपा की विस चुनाव के लिए कवायद, मुलायम सिंह यूथ...

लखनऊ : सपा की विस चुनाव के लिए कवायद, मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड की 51 सदस्यीय कमेटी बनाई

-33 जिला अध्यक्ष भी नियुक्त किए
लखनऊ । उत्तर प्रदेश में अगले साल 2022 में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में राज्य के सभी सियासी दलों ने अपनी रणनीति बनाना शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी ने मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड की 51 सदस्यीय कमेटी बनाई है। साथ ही 33 जिलों में इसके जिला अध्यक्ष भी नियुक्त कर दिए गए हैं। माना जा रहा है कि सपा विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अपने प्रमुख संगठनों को फिर से सक्रिय करने में जुट गई है। मालूम हो कि सपा के प्रमुख संगठनों में ज्यादातर पद खाली हैं। दरअसल, सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2019 लोकसभा चुनाव के बाद इन इकाइयों की कार्यकारी समितियों को भंग कर दिया था।
उधर, बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी आगामी चुनावों को देखते हुए नई रणनीति बनाई है। बसपा एक बार फिर ब्राह्मण सम्मेलन शुरू करने जा रही है। इसके लिए सतीश चंद्र मिश्रा को जिम्मेदारी मिली है। ये ब्राह्मण सम्मेलन 23 जुलाई से अयोध्या से शुरू होगा। सतीश चंद्र मिश्रा अयोध्या में मंदिर दर्शन के बाद ब्राह्मणों को जोड़ने की कवायद शुरू करेंगे। पहले चरण में 23 जुलाई से 29 जुलाई तक लगातार 6 जिलों में ब्राह्मण सम्मेलन होंगे। सतीश चंद्र मिश्रा के नेतृत्व में जिलेवार यह सम्मेलन किए जाएंगे। बसपा का यह चुनावी अभियान 2007 की तर्ज पर होगा। शुक्रवार को लखनऊ में पूरे प्रदेश से 200 से ज्यादा ब्राह्मण नेता और कार्यकर्ता बसपा दफ्तर पहुंचे थे, जहां आगे की रणनीति पर चर्चा हुई। बताया जा रहा है कि मायावती 2007 के फार्मूले पर वापस लौट रहीं हैं। वे 2022 में दलित ब्राह्मण ओबीसी के फार्मूले पर चुनाव में उतरेंगी।
उधर, प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की पकड़ मजबूत करने के लिए जुट गई हैं। इसी के तहत प्रियंका शनिवार को उत्तर प्रदेश के तीन दिन के दौरे पर पहुंचीं। प्रियंका गांधी ने लखीमपुर खीरी में सपा नेता अनीता यादव से भी मुलाकात की। अनीता यादव से ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में बदसलूकी का मामला सामने आया था। प्रियंका ने कहा कि वे एक महिला होने के कारण अनीता यादव से मिलने आई हैं न कि किसी दल के नाते।

RELATED ARTICLES

Most Popular