लखनऊ (हि.स.)। चिनहट थाना पुलिस ने शनिवार को तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये लोग अन्तरराज्यीय स्तर पर एक संगठित गिरोह बनाकर वैभवपूर्ण जीवन जीने के लिए धोखाधड़ी से दस्तावेज पत्र तैयार कर छात्र-छात्राओं को गुमराह कर मोटी रकम लेकर बिक्री करते हैं।
सहायक पुलिस आयुक्त विभूतिखंड अनूप कुमार सिंह ने बताया कि चिनहट थाना प्रभारी घनश्याम मणि त्रिपाठी ने लखनऊ फैजाबाद चिनहट तिराहा से तीन शातिर जालसाजों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अभियुक्त हुसैनगंज निवासी मनीष प्रताप सिंह, गौतमबुद्धनगर निवासी गोविन्द अग्रवाल और हुसैनगंज निवासी अमित सिसौदिया है। जबकि उनके तीन साथी नकुल, समरीन खान और हलीम खान फरार है। पुलिस ने पकड़े गए अभियुक्तों के पास से कई संस्थानों के शैक्षिक प्रमाण पत्र बरामद किए हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजने के बाद इस गिरोह में शामिल अन्य लोगों की तलाश में टीम को लगाया गया है।
