लखनऊ (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) लखनऊ विश्वविद्यालय इकाई ने बुधवार को कॉउंसिलिंग की तिथि बढ़ाने के लिए विश्वविद्यालय के कुलपति को प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा है।
अभाविप लखनऊ विश्वविद्यालय इकाई के सहमंत्री अमन दुबे ने बताया कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् अपने स्थापना काल से समाजहित, राष्ट्रहित व छात्रहित में सदैव कार्यरत है। हम छात्रहित की मांगों को लेकर यहां आए हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय में चल रही प्रवेश सत्र 2021-22 की प्रवेश काउंसिलिंग प्रक्रिया में जिन छात्र-छात्राओं की काउंसिलिंग 26 से 28 तक तय थी, परन्तु ऑनलाइन व्यवस्थाओं में तकनीकी कमी के कारण बड़ी संख्या में छात्र-छात्रा काउंसिलिंग कर पाने से वंचित रह गये हैं। साथ ही प्रवेश परीक्षा के लिए जारी हेल्प लाइन नम्बर से किसी भी प्रकार की सहायता नहीं की जा रही है। काउंसिलिंग की समय सीमा एक अक्टूबर तक बढ़ाने एवं प्रवेश काउंसिलिंग में आ रही समस्याओं के त्वरित निदान के लिए हेल्पलाइन नम्बर को सुचारू रूप से संचालित कराने की कृपा करें। ताकि ग्रामीण एवं दूर-दराज के छात्रों की असुविधा न हो सके।
महानगर मंत्री सिद्धार्थ शाही ने कहा कि काउंसिलिंग के समय छात्रों को तकनीकी समस्या के कारण बहुत से छात्र वंचित रह गये हैं। कुलपति से आग्रह है कि ऐसे छूटे हुए छात्रों को एक अवसर और दिया जाये। ज्ञापन सौंपने में प्रान्त सहमंत्री सौरभ मिश्र, प्रान्त कार्यकारिणी सदस्य अर्जुन सिंह, विश्वविद्यालय इकाई उपाध्यक्ष उत्कर्ष सिंह,आलोक सिंह, नीतीश सिंह, इकाई सह मंत्री राज सिंह, महानगर सहमंत्री सौम्य श्वेतांशु, अधीश श्रीवास्तव व रजत मिश्र, कृष्ण, रजत सिंह, आदेश पांडेय,आकाश अवस्थी, सत्यम मिश्र रहे ।
