Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ : वाराणसी, गाजियाबाद सहित यूपी के चार और जिलों में कोरोना...

लखनऊ : वाराणसी, गाजियाबाद सहित यूपी के चार और जिलों में कोरोना कर्फ्यू से मिली छूट, पर चार जिलों में स्थिति पूर्ववत

लखनऊ । यूपी में एक के बाद एक जिले में कोरोना संक्रमण कम होता जा रहा है। राज्य सरकार ने जिन जिलों में 600 से कम सक्रिय मामले हैं वहां कोरोना कर्फ्यू से छूट देने का निर्णय लिया था। इसके तहत अब तक 71 जिलों में यह छूट दी जा चुकी है। रविवार को कोरोना कर्फ्यू से राहत पाने वाले जिलों में चार और वाराणसी, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर और मुजफ्फरनगर के नाम भी जुड़ गए हैं। इस तरह 600 से कम सक्रिय केस होने पर बंदिशों से कुल 71 जिले मुक्त हो चुके हैं और मात्र चार मेरठ, लखनऊ, सहारनपुर और गोरखपुर जिलों में कोरोना कर्फ्यू रह गया है। अब इन चार जिलों में कोरोना के 600 से ज्यादा सक्रिय केस रह गए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को उच्च स्तरीय बैठक में कोरोना प्रबंधन की समीक्षा की। इस दौरान बताया गया कि चार और जिलों वाराणसी, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर और मुजफ्फरनगर में भी कोरोना के एक्टिव केस 600 से कम हो गए हैं। इस पर तुरंत ही उन्हें भी कोरोना कर्फ्यू से राहत देने के निर्देश मुख्यमंत्री ने दिए। सोमवार से इन चारों जिलों को भी सप्ताह में पांच दिन सुबह सात से शाम सात बजे तक कोरोना कर्फ्यू से छूट मिल जाएगी। साप्ताहिक व रात्रिकालीन बंदी सहित अन्य सभी संबंधित नियम यहां भी लागू होंगे। उधर, बीते 24 घंटे में एक ओर जहां तीन लाख 10 हजार सैम्पल टेस्ट हुए वहीं मात्र 1,165 नए पॉजिटिव केस आए। बीते 24 घंटे में पॉजिटिविटी दर 0.4 फीसद रही, जबकि रिकवरी दर 96.7 फीसद हो चुकी है। उत्तर प्रदेश में अब तक पांच करोड़ 13 लाख से अधिक कोविड टेस्ट हो चुके हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular