– लखनऊ से चलने वाली कृषक एक्सप्रेस दो अक्टूबर को मऊ स्टेशन तक ही चलाई जाएगी
– कृषक एक्सप्रेस मऊ से वाराणसी सिटी स्टेशन के बीच निरस्त
लखनऊ (हि.स.)। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन औड़िहार-डोभी रेल खंड पर नॉन इण्टरलॉकिंग का कार्य करेगा। इसके चलते दो अक्टूबर को लखनऊ जंक्शन से चलने वाली 05008 लखनऊ-वाराणसी सिटी कृषक एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन आंशिक निरस्त कर दी गई है। यह ट्रेन दो अक्टूबर को मऊ स्टेशन तक ही चलाई जाएगी। मऊ से वाराणसी सिटी स्टेशन के बीच निरस्त रहेगी।
मुख्य जनसपंर्क अधिकारी (सीपीआरओ) पंकज कुमार ने बुधवार को बताया कि वाराणसी मंडल के औड़िहार-डोभी रेलखंड पर रेल लाइन के दोहरीकरण का कार्य हो रहा है। इन दोनों स्टेशनों पर नाॅन-इण्टरलॉकिंग कार्य के चलते कई ट्रेनों का संचालन विभिन्न तारीखों में प्रभावित रहेगा।
लखनऊ जंक्शन से दो अक्टूबर को चलने वाली 05008 लखनऊ-वाराणसी सिटी कृषक एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन मऊ स्टेशन तक ही जाएगी। यह ट्रेन मऊ से वाराणसी सिटी के बीच निरस्त रहेगी। इसी तरह वापसी में तीन अक्टूबर को वाराणसी सिटी से चलने वाली 05007 वाराणसी सिटी-लखनऊ कृषक एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन मऊ से चलायी जाएगी। यह ट्रेन वाराणसी सिटी से मऊ के बीच निरस्त रहेगी।
24 और 28 सितम्बर के अलावा एक अक्टूबर को मऊ से चलने वाली 05139 मऊ-आनन्द विहार स्पेशल ट्रेन बदले मार्ग औड़िहार-वाराणसी सिटी-वाराणसी-सुल्तानपुर के रास्ते चलायी जाएगी। इसके अलावा तीन अक्टूबर को गाजीपुर सिटी से चलने वाली 02219 गाजीपुर सिटी-आनन्द विहार सुहेलदेव एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन को रास्ते में 30 मिनट रोक कर चलाया जाएगा। इसी तरह दो अक्टूबर को अम्बाला से चलने वाली 04534 अम्बाला-बरौनी स्पेशल ट्रेन को तीन अक्टूबर को रास्ते में दो घंटे रोक कर चलाया जाएगा।
सीपीआरओ ने बताया कि रेल लाइन के दोहरीकरण के बाद इस रूट पर ट्रेनों की रफ्तार बढ़ेगी। इससे यात्रियों का समय भी बचेगा।
